नई दिल्ली: दिल्ली एनसीआर समेत देश के कई राज्यों में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। कुछ जगहों पर तेज हवाएं चल रही हैं तो कुछ जगहों पर बारिश के आसार हैं। दिल्ली में तेज ठंडी हवाओं के चलते सुबह और शाम ठंडक बनी हुई है जबकि दोपहर में तेज धूप ने गर्मी बढ़ा दी है। आइए जानते हैं गुरुवार (6 मार्च 2025) को कैसा रहेगा मौसम।
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में उत्तर-पश्चिम दिशा से 14 से 18 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है। तेज हवाओं के चलते तापमान में भी गिरावट आएगी। गुरुवार को दिल्ली-एनसीआर में अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
बारिश और बर्फबारी के चलते सड़कें बंद
हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर जैसे पहाड़ी राज्यों में भारी बर्फबारी और बारिश हो रही है। गुरुवार को यहां भी बारिश और भारी बर्फबारी की संभावना है। बर्फबारी के चलते सड़कें बंद हो गई हैं जिससे लोगों की रोजमर्रा की जरूरतें पूरी नहीं हो पा रही हैं। हालांकि इसका असर मैदानी इलाकों में दिख रहा है। पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी के कारण राजस्थान, हरियाणा और पंजाब में तापमान में गिरावट आई है।

उत्तर प्रदेश में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी
पश्चिमी विक्षोभ का असर उत्तर प्रदेश में दिख रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। हालांकि, आईएमडी का कहना है कि शुक्रवार (7 मार्च, 2025) को हवा की गति कम हो जाएगी।
राजस्थान में भी तेज हवाओं का असर
पश्चिमी हवाओं के कारण राजस्थान में तापमान में गिरावट दर्ज की गई। तेज हवाओं के कारण अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई, लेकिन मौसम विभाग का कहना है कि 7 से 8 मार्च से तापमान में फिर से बढ़ोतरी होगी।
गुजरात में बढ़ेगी गर्मी
स्काईमेट वेदर रिपोर्ट के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान राजस्थान, गुजरात, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, विदर्भ और महाराष्ट्र में तेज हवाएं चलेंगी। असम और अरुणाचल प्रदेश जैसे पूर्वोत्तर राज्यों में भी हल्की से मध्यम बारिश की उम्मीद है। दक्षिणी राज्यों केरल और लक्षद्वीप में भी हल्की बारिश की उम्मीद है। गुजरात में अगले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में गिरावट आ सकती है।