Weather Update: बंगाल की खाड़ी से बड़ा अलर्ट, दिल्ली-NCR समेत इन राज्यों में होगी भारी बारिश

0 281

Weather Report: बंगाल की खाड़ी में अगले 24 घंटों के भीतर साइक्लोनिक सर्कुलेशन विकसित होने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि नवरात्रि के दिन पश्चिम बंगाल, बिहार, ओडिशा और झारखंड में भारी बारिश हो सकती है। विभाग का कहना है कि मौसम में बदलाव की शुरुआत मंगलवार, 30 सितंबर से ही हो जाएगी। वहीं, पूर्वी राज्यों में आज से ही मौसम बिगड़ने के संकेत मिल रहे हैं। इसके अलावा मुंबई और गुजरात के कई हिस्सों में भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। उधर, दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए राहत की खबर है। यहां आज हल्की बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे पिछले 10 दिनों से जारी गर्मी और उमस से छुटकारा मिलने की उम्मीद है।

इन राज्यों मे भारी बारिश की आशंका
मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी के अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। अगले 24 घंटों में मुख्य भूभाग पर भी तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है। पूर्वानुमान के मुताबिक, 2 से 4 अक्टूबर के बीच पश्चिम बंगाल में 1 से 4 अक्टूबर तक बिहार, 2 से 4 अक्टूबर तक झारखंड, 3 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ और ओडिशा, 4 से 5 अक्टूबर के बीच मध्य प्रदेश और विदर्भ, जबकि 5 अक्टूबर से पश्चिम मध्य प्रदेश में भारी बारिश होने की आशंका है।

तूफानी मौसम रहने की संभावना
30 सितंबर को पश्चिमी भारत के गुजरात के सौराष्ट्र और कच्छ इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं कोंकण और गोवा में 29 से 30 सितंबर के बीच तेज बारिश होने की चेतावनी दी गई है। इसके अलावा पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा और बिहार में अगले 5 से 7 दिनों तक तूफानी मौसम रहने की संभावना जताई गई है, जहां हवाएं 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं।

मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि उत्तर-पूर्वी भारत के असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 1 से 5 अक्टूबर के बीच हल्की से मध्यम बारिश होगी। वहीं 2 और 3 अक्टूबर को इन इलाकों में भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा सिक्किम और हिमालयी पश्चिम बंगाल में भी 2 अक्टूबर को तेज बारिश होने के आसार जताए गए हैं।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.