मेरठ: यूपी के मेरठ जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग करना महंगा पड़ गया। दरअसल, श्यामनगर रोड स्थित 20 फूटा शौकत वाली गली में बारात निकल रही थी। इसी दौरान कुछ लोग हर्ष फायरिंग कर रहे थे। गली में एक किशोरी छत से बारात देख रही थी। तभी हर्ष फायरिंग में की गई गोली जाकर किशोरी के पेट में लग गई। आनन-फानन में उसे अस्पताल लेकर जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहे हैं।
छत से बारात देख रही थी किशोरी
दरअसल, मेरठ के लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र में यह हादसा हुआ है। यहां बारात चढ़त के दौरान बारातियों ने अंधाधुंध फायरिंग करनी शुरू कर दी। इसी दौरान किशोर छत पर खड़ी होकर बारात देख रही थी और उसे गोली लग गई। किशोरी को गोली लगने की वजह से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। जानकारी के मुताबिक श्यामनगर रोड स्थित 20 फूटा शौकत वाली गली में किशोरी छत से बारात देख रही थी। बारात किंग पैलेस हापुड़ रोड के लिए जा रही थी। इसी दौरान छत पर खड़ी अक्शा पुत्री अरशद को अचानक पेट में गोली लग गई।

घटना के बाद से आरोपी फरार
घटना के बाद परिजन आनन-फानन में किशोरी को अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक मृतक अक्शा तीन बहनें और दो भाई हैं। बारात के दौरान हर्ष फायरिंग की वजह से अक्शा की मौत हो गई। फिलहाल इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। वहीं अक्शा के परिवार में मातम परस गया है। स्थानीय लोगों ने इस तरह से हर्ष फायरिंग करने पर नाराजगी व्यक्त की है।