मैनपाट महोत्सव का भव्य आगाज़: CM विष्णु देव साय ने 523 करोड़ के विकास कार्यों की दी सौगात, बोले—सरगुजा की संस्कृति को मिलेगा वैश्विक मंच

0 23

छत्तीसगढ़ के विष्णु देव साय ने सरगुजा जिले के मैनपाट में आयोजित तीन दिवसीय मैनपाट महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए मैनपाट में पर्यटन विकास के लिए एक करोड़ रुपये और सीतापुर में सर्वसुविधायुक्त बस स्टैंड निर्माण की घोषणा की। साथ ही उन्होंने सरगुजा जिले के लिए 523 करोड़ 20 लाख 53 हजार रुपये की लागत वाले 109 विकास कार्यों की सौगात भी दी।

संस्कृति और पहचान का सशक्त मंच
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह महोत्सव सरगुजा की संस्कृति और अस्मिता को प्रदर्शित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से क्षेत्र की परंपराएं और सांस्कृतिक धरोहर देश-दुनिया तक पहुंचेंगी। साथ ही बाहरी और स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिलेगा, जिससे सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा मिलेगा।

विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ मंत्र को आगे बढ़ाते हुए राज्य सरकार विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख से अधिक महिलाओं के खातों में हर महीने 1,000 रुपये भेजे जा रहे हैं और अब तक 15 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि ट्रांसफर की जा चुकी है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के नेतृत्व व दृढ़ इच्छाशक्ति के कारण क्षेत्र नक्सलवाद से मुक्त होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है और उन्होंने सुरक्षा बलों के साहस को नमन किया।

तिब्बती नृत्य से हुआ स्वागत, योजनाओं का वितरण
कार्यक्रम के दौरान तिब्बती समुदाय ने पारंपरिक “ताशी शोपा” नृत्य से मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के स्टॉल का निरीक्षण किया और पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित सामग्रियों का वितरण भी किया। स्थानीय कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने आयोजन में रंग भर दिया।

पर्यटन विकास पर सरकार का फोकस
राज्य के पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में पर्यटन क्षेत्र तेजी से विकसित हो रहा है। सरकार पर्यटन स्थलों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और नई संभावनाओं को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि मैनपाट जैसे प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर स्थल पर पर्यटकों की बढ़ती संख्या से स्थानीय युवाओं और महिलाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं।

जन-गौरव का उत्सव: विधायकों की प्रतिक्रिया
विधायक राम कुमार टोप्पो ने कहा कि यह आयोजन केवल उत्सव नहीं बल्कि संस्कृति, परंपरा और प्रकृति के प्रति प्रेम का प्रतीक है। वहीं विधायक प्रबोध मिंज ने कहा कि 500 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाएं मजबूत होंगी और पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.