MP कैबिनेट के फैसलों से सहकारिता से लेकर युवाओं तक बड़ा बदलाव! 9 बैंकों को 325 करोड़, चुनाव एक साल टले; 2027 होगा युवा वर्ष
नौ जिला सहकारी बैंकों को मिलेंगे 325 करोड़ रुपये
कैबिनेट ने नौ जिला सहकारी बैंकों को अंश पूंजी देने का फैसला किया है। रीवा, सतना, दतिया, शिवपुरी और जबलपुर के जिला सहकारी बैंकों को 25-25 करोड़ रुपये अतिरिक्त दिए जाएंगे। वहीं, रायसेन, मुरैना, सागर और सीधी के चार नए जिला सहकारी बैंकों को 50-50 करोड़ रुपये की अंश पूंजी मिलेगी।
इसके साथ ही पैक्स समितियों और जिला सहकारी बैंकों के चुनाव एक साल आगे बढ़ा दिए गए हैं। नई समितियों के गठन और परिसीमन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनाव कराए जाएंगे। चूंकि पैक्स प्रतिनिधि ही जिला सहकारी बैंकों के चुनाव में मतदाता होते हैं, इसलिए दोनों चुनावों को एक साथ जोड़कर आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।
दिसंबर में होंगे दो बड़े चिंतन शिविर
सरकार के तीन साल के कामकाज की समीक्षा और आगामी दो वर्षों की प्राथमिकताएं तय करने के लिए दिसंबर में दो महत्वपूर्ण आयोजन होंगे। 2 दिसंबर को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में वरिष्ठ अधिकारियों का नीति चिंतन शिविर आयोजित किया जाएगा। इसमें आठ सत्रों के माध्यम से प्रदेश के विकास और वर्ष 2047 तक विकसित मध्य प्रदेश बनाने के लक्ष्य पर चर्चा होगी।
इसके बाद 21 और 22 दिसंबर को मंत्रियों और विधायकों का चिंतन शिविर आयोजित किया जाएगा। इसमें अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श के आधार पर सरकार की आगामी कार्ययोजना तैयार की जाएगी। वहीं, मध्य प्रदेश विधानसभा का शीतकालीन सत्र 7 से 11 दिसंबर तक चलेगा। इस दौरान अनुपूरक बजट और विभिन्न शासकीय संकल्प प्रस्तुत किए जाएंगे।
खनिज राजस्व 30 हजार करोड़ रुपये करने का लक्ष्य
मध्य प्रदेश को खनिज से फिलहाल सालाना करीब 12,170 करोड़ रुपये की आमदनी होती है। सरकार ने इसे बढ़ाकर 30 हजार करोड़ रुपये करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में नए सिरे से सर्वे कराया जाएगा। खनिज निगम लिमिटेड पुराने आंकड़ों का विश्लेषण करने के साथ नई खदानों के विकास पर भी काम करेगा। इस पूरी प्रक्रिया पर हर साल 70 से 80 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
1,834 बस्तियों के 46,500 घरों तक पहुंचेगी बिजली
ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली सुविधा से वंचित 20 से अधिक घरों वाली 1,834 बस्तियों के 46,500 घरों तक बिजली पहुंचाने की योजना को मंजूरी दी गई है। इस परियोजना पर 193 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। योजना का खर्च केंद्र और राज्य सरकार मिलकर उठाएंगी। वहीं, 20 से कम घरों वाली छोटी बस्तियों और मोहल्लों में विद्युतीकरण राज्य सरकार अपने संसाधनों से कराएगी।
सिंहस्थ से पहले पूरा होगा एकात्म धाम का मुख्य काम
ओंकारेश्वर में 2,424 करोड़ रुपये की लागत से विकसित की जा रही एकात्म धाम परियोजना को जारी रखने की मंजूरी दी गई है। इसके मुख्य कार्य को आगामी सिंहस्थ से पहले पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा मांडू, कान्हा-किसली और पेंच में जनजातीय कैफेटेरिया विकसित किए जाएंगे। इनके जरिए विदेशी पर्यटकों को मध्य प्रदेश के स्थानीय खान-पान और जनजातीय संस्कृति से परिचित कराया जाएगा।
2027 युवा वर्ष, MPPSC परीक्षाएं साल में दो बार कराने की तैयारी
कैबिनेट ने वर्ष 2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। इसके तहत युवाओं को रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर जोर रहेगा। मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग की परीक्षाएं साल में दो बार आयोजित करने की तैयारी भी की जा रही है। इसके लिए परीक्षा कैलेंडर जारी किया गया है।
वहीं, भोपाल के नाथू बरखेड़ा में बन रहे अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम के पहले चरण का शुभारंभ हो चुका है। इस परियोजना पर करीब एक हजार करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
जनजातीय कला और उत्पादों को मिलेगा GI टैग
प्रदेश की जनजातीय कला और पारंपरिक उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए सरकार ने जीआई टैग के आवेदन किए हैं। इनमें भील जनजाति की माला, बोलनी और पिथोरा चित्रशैली के साथ झाबुआ की आदिवासी गुड़िया तथा गोंड जनजाति के पारंपरिक वाद्य यंत्र शामिल हैं।
HPV टीकाकरण में मध्य प्रदेश ने हासिल किया 100 प्रतिशत लक्ष्य
बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए चलाए गए एचपीवी टीकाकरण अभियान में मध्य प्रदेश ने निर्धारित लक्ष्य का 100 प्रतिशत हासिल किया है। इसके साथ ही प्रदेश देश के शीर्ष पांच राज्यों में शामिल हो गया है।
कैबिनेट ने गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना को भी जारी रखने का निर्णय लिया है। इस योजना के तहत प्रतिदिन छह लीटर से अधिक दूध देने वाली देसी नस्ल की गायों के पशुपालकों को ग्राम और ब्लॉक स्तर पर एक-एक लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाता है। इसका उद्देश्य देसी नस्ल की गायों के पालन को प्रोत्साहित करना है।