ग्रेटर नोएडा में 300 बेड के केडीएसजी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल का उद्घाटन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बोले— सस्ती, सुलभ और भरोसेमंद स्वास्थ्य सेवा ही असली चिकित्सा व्यवस्था

0 22

ग्रेटर नोएडा : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को ग्रेटर नोएडा (वेस्ट) के सेक्टर-10 में 300 बेड वाले केडीएसजी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल का विधिवत उद्घाटन किया। रिबन काटकर अस्पताल का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री ने यहां उपलब्ध अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का निरीक्षण भी किया। एनसीआर क्षेत्र में तेजी से बढ़ते शहरी विस्तार के बीच इस अस्पताल को स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

यह अस्पताल देश की 1983 विश्व कप विजेता क्रिकेट टीम के कप्तान कपिल देव और उद्योगपति सुनील कुमार गुप्ता की पहल पर स्थापित किया गया है। अस्पताल में टर्शरी केयर की पूर्ण चिकित्सा व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है, जिससे आसपास के जिलों और पूरे एनसीआर क्षेत्र के लोगों को बेहतर और किफायती इलाज मिल सकेगा।

मुख्यमंत्री ने संस्थापकों को दी बधाई

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत को विश्व कप दिलाने वाले महान क्रिकेटर कपिल देव और उद्योगपति सुनील कुमार गुप्ता सहित उनके पूरे समूह को इस अत्याधुनिक अस्पताल की स्थापना के लिए बधाई और शुभकामनाएं। उन्होंने कहा कि ग्रेटर नोएडा में इस अस्पताल के शुरू होने से न केवल गौतम बुद्ध नगर बल्कि आसपास के जिलों और पूरे एनसीआर क्षेत्र के लोगों को उच्च स्तर की स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी।

स्वास्थ्य सेवा का मतलब केवल आधुनिक सुविधाएं नहीं

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा की असली परिभाषा केवल आधुनिक उपकरणों और बड़ी इमारतों से नहीं होती, बल्कि वह सस्ती, सुलभ और भरोसेमंद होनी चाहिए। मरीज जब डॉक्टर के पास आता है तो वह विश्वास लेकर आता है। डॉक्टर का व्यवहार, सलाह और संवेदनशीलता मरीज के मनोबल को बढ़ाती है। कई बार डॉक्टर का अच्छा व्यवहार ही मरीज की आधी बीमारी दूर कर देता है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवा में दवा के साथ-साथ दुआ का भी उतना ही महत्व है।

आयुष्मान भारत से करोड़ों लोगों को मिला स्वास्थ्य सुरक्षा कवच

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़े बदलाव हुए हैं। आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से करोड़ों गरीब और जरूरतमंद परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा मिली है। आज देश में लगभग 60 करोड़ लोग इस योजना का लाभ ले रहे हैं और उत्तर प्रदेश इसके क्रियान्वयन में अग्रणी राज्य है। प्रदेश में अब तक 5 करोड़ 60 लाख से अधिक गोल्डन कार्ड बनाए जा चुके हैं, जिनके माध्यम से पात्र लोग सूचीबद्ध सरकारी और निजी अस्पतालों में मुफ्त इलाज करा सकते हैं।

प्रदेश में तेजी से बढ़ रहा मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर

मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2014 तक देश में केवल छह एम्स संस्थान कार्यरत थे, जबकि आज इनकी संख्या बढ़कर 23 हो चुकी है। उत्तर प्रदेश में भी स्वास्थ्य ढांचे में तेजी से सुधार हुआ है। वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में केवल 17 सरकारी मेडिकल कॉलेज थे, जबकि अब “वन डिस्ट्रिक्ट-वन मेडिकल कॉलेज” के लक्ष्य के साथ प्रदेश में 81 मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि केडीएसजी समूह भविष्य में मेडिकल कॉलेज स्थापित करना चाहता है तो प्रदेश सरकार उसका स्वागत करेगी।

1000 से अधिक युवाओं को मिलेगा रोजगार

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अस्पताल केवल स्वास्थ्य सेवाओं का केंद्र ही नहीं बल्कि रोजगार के अवसर भी पैदा करेगा। 300 बेड के इस अस्पताल में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से करीब 1000 लोगों को रोजगार मिलेगा, जिसमें डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ, तकनीशियन और अन्य कर्मचारी शामिल होंगे।

सरकारी कर्मचारियों और कर्मियों को भी कैशलेस इलाज की सुविधा

मुख्यमंत्री ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के साथ-साथ प्रदेश सरकार ने बेसिक, माध्यमिक और उच्च शिक्षा के शिक्षकों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा बहनों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और बेसिक शिक्षा परिषद के रसोइयों सहित कई वर्गों को 5 लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा प्रदान की है। यदि कोई पात्र व्यक्ति इन योजनाओं में शामिल नहीं हो पाता है तो मुख्यमंत्री राहत कोष से सहायता दी जाती है। पिछले एक वर्ष में इस कोष से लगभग 1300 करोड़ रुपये की सहायता मरीजों को दी गई है।

उत्तर प्रदेश बन रहा देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है और देश की अर्थव्यवस्था में ग्रोथ इंजन की भूमिका निभा रहा है। गौतम बुद्ध नगर में जल्द ही नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर शुरू होने जा रहा है जो भारत का सबसे बड़ा एयरपोर्ट होगा। इसके साथ ही मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग, मेडिकल डिवाइस पार्क और कई औद्योगिक परियोजनाएं इस क्षेत्र में विकसित हो रही हैं। इससे पूरे क्षेत्र में विकास की नई संभावनाएं तेजी से आकार ले रही हैं।

अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा अस्पताल

कार्यक्रम में कपिल देव ने कहा कि केडीएसजी की स्थापना इस विश्वास के साथ की गई है कि स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ, आदर्श और पूरी तरह मरीज केंद्रित होनी चाहिए। ग्रेटर नोएडा को ऐसी संस्था की आवश्यकता थी और आज यह सपना साकार हुआ है।

अस्पताल में कार्डियोलॉजी, ऑन्कोलॉजी, ऑर्थोपेडिक्स और क्रिटिकल केयर मेडिसिन को चार प्रमुख केंद्रों के रूप में विकसित किया गया है। इसके अलावा यहां अत्याधुनिक मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर, मल्टी-स्पेशियलिटी आईसीयू, कैथेटराइजेशन लैब, समर्पित इमरजेंसी और ट्रॉमा सेंटर, रेडियोलॉजी, पैथोलॉजी और न्यूक्लियर मेडिसिन जैसी आधुनिक डायग्नोस्टिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। अस्पताल में न्यूरोलॉजी, न्यूरोसर्जरी, जॉइंट रिप्लेसमेंट, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, पल्मोनोलॉजी, नेफ्रोलॉजी और पीडियाट्रिक्स सहित कई विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

इस अस्पताल का संचालन अजींक्य डीवाई पाटिल हेल्थकेयर द्वारा किया जाएगा। चार दशकों के संस्थागत अनुभव और मजबूत क्लीनिकल गवर्नेंस सिस्टम के आधार पर यह समूह अस्पताल के संचालन की जिम्मेदारी संभालेगा।

कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह, सांसद डॉ. महेश शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी, विधायक तेजपाल नागर, विधायक धीरेन्द्र सिंह, विधान परिषद सदस्य नरेन्द्र भाटी, श्रीचंद शर्मा, भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेन्द्र सिसादिया, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, भाजपा महानगर अध्यक्ष महेश चौहान सहित प्रशासन, पुलिस और प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.