देहरादून। उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में इन दिनों धूप और बादलों की आंख-मिचौली देखने को मिल रही है। फिलहाल प्रदेश में कहीं भी स्थिर वर्षा की सूचना नहीं है, लेकिन मौसम विभाग ने पर्वतीय जिलों में आंशिक वर्षा और हल्की बौछारों के संकेत दिए हैं। मैदान से पहाड़ तक तापमान सामान्य से तीन से नौ डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है, जिससे लोगों को दिन में गर्मी और शाम में ठंडक का मिश्रित अहसास हो रहा है।
सोमवार को देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में सुबह धूप खिली, लेकिन दोपहर के बाद आंशिक बादल घिरने लगे। शाम तक बादलों के बीच वर्षा के आसार बने रहे, हालांकि देर रात तक बारिश नहीं हुई। पर्वतीय क्षेत्रों में दिनभर बादलों की आंख-मिचौली जारी रही। पिछले कुछ दिनों से अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक बने हुए हैं, खासकर पर्वतीय जिलों में यह बढ़ोतरी अधिक दर्ज की गई।
मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान सामान्य से नौ डिग्री सेल्सियस अधिक रहा, जबकि देहरादून में यह पांच डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। ऊधमसिंह नगर में न्यूनतम तापमान में आठ डिग्री की वृद्धि देखी गई।
मौसम विभाग के अनुसार, आज उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा हो सकती है। पर्वतीय चोटियों पर हल्के हिमपात के भी आसार हैं। देहरादून में आंशिक बादल छाए रहेंगे और तापमान सामान्य से अधिक बना रहेगा।