हवाई सफर हुआ महंगा! एयर इंडिया और इंडिगो के बाद आकासा ने भी लगाया फ्यूल सरचार्ज, 199 से 1300 रुपये तक बढ़ सकता है किराया

0 45

नई दिल्ली: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और ईंधन की कीमतों में तेजी का असर अब हवाई यात्रियों की जेब पर भी पड़ने लगा है। विमान में इस्तेमाल होने वाले एविएशन टर्बाइन फ्यूल की कीमत बढ़ने के बाद एयरलाइंस कंपनियां अपने किराए में फ्यूल सरचार्ज जोड़ रही हैं। एयर इंडिया और इंडिगो के बाद अब आकासा एयर ने भी यात्रियों से अतिरिक्त फ्यूल सरचार्ज वसूलने का फैसला किया है।

कंपनी के अनुसार यह सरचार्ज घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों रूट्स पर लागू होगा और इसकी राशि फ्लाइट की दूरी और समय के आधार पर तय की जाएगी।

15 मार्च से लागू होगा नया सरचार्ज

आकासा एयर ने घोषणा की है कि 15 मार्च से की जाने वाली नई टिकट बुकिंग पर फ्यूल सरचार्ज लागू होगा। यह शुल्क 199 रुपये से लेकर 1300 रुपये तक हो सकता है। हालांकि 15 मार्च से पहले की गई बुकिंग पर यह अतिरिक्त शुल्क लागू नहीं किया जाएगा।

एयरलाइन का कहना है कि मिडिल ईस्ट में जारी संकट के कारण एविएशन टर्बाइन फ्यूल की कीमतों में तेजी आई है। विमानन उद्योग में फ्यूल सबसे बड़ी ऑपरेटिंग लागत में शामिल होता है, इसलिए कीमत बढ़ने का सीधा असर एयरलाइंस के खर्च पर पड़ता है।

पहले ही बढ़ चुका है अन्य एयरलाइंस का किराया

आकासा एयर से पहले देश की प्रमुख एयरलाइंस कंपनियां भी फ्यूल सरचार्ज बढ़ाने का फैसला कर चुकी हैं। एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने 12 मार्च से घरेलू उड़ानों के टिकट पर 399 रुपये का फ्यूल सरचार्ज लागू कर दिया है।

अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में भी अलग-अलग रूट्स के हिसाब से अतिरिक्त शुल्क तय किया गया है। पश्चिम एशिया के लिए 10 डॉलर, अफ्रीका के लिए 90 डॉलर और दक्षिण-पूर्व एशिया के रूट्स पर 60 डॉलर का फ्यूल सरचार्ज लगाया गया है।

इंडिगो ने भी बढ़ाया अतिरिक्त शुल्क

देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो ने भी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर फ्यूल सरचार्ज लागू कर दिया है। कंपनी ने 14 मार्च से लागू हुए इस फैसले के तहत यात्रियों से 425 रुपये से लेकर 2300 रुपये तक अतिरिक्त शुल्क लेने की घोषणा की है।

एविएशन सेक्टर के जानकारों का कहना है कि अगर एटीएफ की कीमतों में बढ़ोतरी जारी रहती है तो आने वाले समय में हवाई यात्रा का किराया और महंगा हो सकता है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.