ग्रेटर नोएडा में दर्दनाक हादसा: पानी भरे गड्ढे में डूबने से 5 साल के मासूम की मौत

0 22

ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां बादलपुर थाना क्षेत्र की प्रीत विहार कॉलोनी में बुधवार दोपहर एक 5 साल के मासूम की पानी से भरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। बच्चा घर से कुछ दूरी पर खेलते समय गहरे गड्ढे में गिर गया था और बाहर नहीं निकल सका।

स्कूल से लौटने के बाद खेलने गया था बच्चा

पुलिस के मुताबिक, प्रीत विहार कॉलोनी निवासी उमेश कुमार का बेटा देव पास के छपरौला गांव स्थित एक स्कूल में नर्सरी का छात्र था। उमेश कुमार ई-रिक्शा चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बुधवार दोपहर देव स्कूल से घर लौटने के बाद खेलने के लिए बाहर गया था, लेकिन फिर वापस नहीं आया।

पानी भरे गड्ढे में गिरने से गई जान

बताया जा रहा है कि कॉलोनी का पानी पास ही एक खाली खेत में बने गड्ढे में जमा होता है। खेलते वक्त देव अचानक उसी पानी भरे गड्ढे में गिर गया। गड्ढा गहरा होने के कारण वह उसमें फंस गया और बाहर नहीं निकल पाया।

स्थानीय लोगों ने बाहर निकाला, लेकिन नहीं बच सकी जान

बच्चे के गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे पानी से बाहर निकाला। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

खाली खेत में जमा होता था कॉलोनी का पानी

जानकारी के अनुसार, जिस गड्ढे में बच्चा गिरा वह इलाके के एक किसान के खाली खेत में बना हुआ है, जहां कॉलोनी का पानी इकट्ठा होता है। यह जगह लंबे समय से खतरे का कारण बनी हुई थी।

परिजनों ने नहीं दर्ज कराई शिकायत

फिलहाल इस मामले में परिजनों की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस ने घटना की जानकारी मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.