ईरान के हमले से कतर को बड़ा झटका: LNG उत्पादन क्षमता 17% घटी, वैश्विक सप्लाई पर मंडराया संकट

0 17

मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष लगातार गंभीर होता जा रहा है और अब इसका असर वैश्विक ऊर्जा बाजार पर भी साफ दिखने लगा है। ताजा घटनाक्रम में ईरान के हमले से कतर को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। रास लफ्फान गैस फील्ड पर हुए भीषण हमले के बाद कतर ने आधिकारिक तौर पर नुकसान का ब्योरा जारी किया है, जिसने दुनिया भर की चिंताएं बढ़ा दी हैं।

हमले के बाद LNG उत्पादन पर बड़ा असर

कतर सरकार के मुताबिक, इस हमले में देश की करीब 17 प्रतिशत एलएनजी उत्पादन क्षमता प्रभावित हुई है। रिफाइनरी में लगी भीषण आग और संरचनात्मक नुकसान के चलते उत्पादन में भारी गिरावट आई है। यह नुकसान इतना बड़ा है कि इसे पूरी तरह बहाल करने में तीन से पांच साल तक का समय लग सकता है।

अरबों डॉलर का नुकसान, राजस्व पर भी भारी असर

सरकार ने बताया कि ऊर्जा परियोजनाओं में किए गए लगभग 26 अरब डॉलर के निवेश को इस हमले से गंभीर नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा सालाना राजस्व में करीब 20 अरब डॉलर की गिरावट का अनुमान लगाया गया है। स्थिति इतनी गंभीर है कि कतर को अपने कई दीर्घकालिक गैस सप्लाई कॉन्ट्रैक्ट्स पर ‘फोर्स मेज्योर’ घोषित करना पड़ सकता है।

ट्रेन 4 और 6 को नुकसान, सप्लाई चेन पर असर

हमले में एलएनजी उत्पादन के अहम यूनिट, ट्रेन 4 और ट्रेन 6 को भारी नुकसान पहुंचा है। इससे लगभग 12.8 मिलियन टन प्रति वर्ष उत्पादन प्रभावित हुआ है, जो कतर के कुल निर्यात का करीब 17 फीसदी है। उत्पादन में इस कमी का सीधा असर अंतरराष्ट्रीय बाजारों पर पड़ने वाला है।

एशिया और यूरोप के देशों पर पड़ेगा असर

कतर ने साफ किया है कि इस नुकसान का प्रभाव चीन, दक्षिण कोरिया, इटली और बेल्जियम जैसे देशों पर पड़ेगा, जो कतर से बड़े पैमाने पर एलएनजी आयात करते हैं। सप्लाई में कमी के चलते इन देशों में ऊर्जा संकट गहराने की आशंका है।

मरम्मत में लंबा समय, बाजार में अनिश्चितता

कतर के मुताबिक, प्रभावित ढांचे की मरम्मत में तीन से पांच साल तक का समय लग सकता है। इस दौरान वैश्विक ऊर्जा बाजार में अनिश्चितता बनी रह सकती है और एलएनजी की कीमतों में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। मिडिल ईस्ट में जारी तनाव का असर अब पूरी दुनिया की ऊर्जा सुरक्षा पर पड़ता नजर आ रहा है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.