नासिक में भीषण हादसा: कुएं में गिरी कार, एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत; 6 बच्चे भी शामिल

0 47

महाराष्ट्र के नासिक जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक कार के कुएं में गिरने से एक ही परिवार के 9 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा दिंडोरी तालुका में देर रात करीब 10 बजे हुआ, जिसने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सभी मृतक दरगुडे परिवार के सदस्य थे।

एक ही परिवार के सभी सदस्य, गांव में पसरा मातम

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान रेशमा सुनील दरगुडे (27), आशा अनिल दरगुडे (32), खुशी/सृष्टि अनिल दरगुडे (14), श्रेयस अनिल दरगुडे (11), राखी/गुणवंती सुनील दरगुडे, श्रावणी अनिल दरगुडे (11), समृद्धि राजेंद्र दरगुडे (7), माधुरी अनिल दरगुडे (13) और सुनील दत्तु दरगुडे (32) के रूप में हुई है। सभी लोग नासिक जिले के दिंडोरी तालुका के निवासी थे। स्थानीय लोगों की मदद से कार और शवों को कुएं से बाहर निकाला गया, जिसके बाद सभी को सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कार्यक्रम से लौटते समय हुआ हादसा, 6 मासूमों की गई जान

बताया जा रहा है कि दरगुडे परिवार किसी कार्यक्रम में शामिल होकर घर लौट रहा था। इसी दौरान चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और कार सीधे कुएं में जा गिरी। इस हादसे में 6 बच्चों की भी मौत हो गई, जिनमें एक 7 साल की बच्ची भी शामिल है। एक साथ इतने लोगों की मौत से गांव और आसपास के इलाकों में गहरा मातम छा गया है।

रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन, क्रेन और तैराकों की मदद ली गई

पुलिस के मुताबिक, रात करीब 10 बजे सूचना मिली कि दिंडोरी गांव के शिवाजी नगर इलाके में एक मारुति XL6 कार कुएं में गिर गई है, जिसमें कई लोग सवार थे। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया गया। रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए दो हाइड्रा क्रेन और कुशल तैराकों को बुलाया गया। काफी मशक्कत के बाद रात 12 बजकर 15 मिनट तक सभी लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक सभी की मौत हो चुकी थी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.