मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का मौका, 16 दिसंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावे-आपत्तियां; चार दिन बूथों पर मिलेंगे बीएलओ

0 38

गौतमबुद्धनगर: जिले में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूचियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम शुरू होने जा रहा है। इसके तहत 17 नवंबर को सभी मतदान केंद्रों और पदाभिहित स्थलों पर निर्वाचक नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद 16 दिसंबर 2026 तक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, नाम हटवाने और किसी तरह का संशोधन कराने के लिए दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी।

जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी गौतमबुद्धनगर ने बताया कि यह प्रक्रिया 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर संचालित की जा रही है। आलेख्य मतदाता सूची का प्रकाशन विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र स्तर पर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालयों यानी तहसीलों, प्रत्येक पदाभिहित स्थल और मतदान केंद्रों पर कराया जाएगा। संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी की ओर से प्रकाशित सूची आम लोगों के निरीक्षण के लिए उपलब्ध रहेगी।

21, 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान

मतदाता सूची से जुड़ी प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए नवंबर में चार विशेष अभियान दिवस रखे गए हैं। ये अभियान 21 नवंबर (शनिवार), 22 नवंबर (रविवार), 28 नवंबर (शनिवार) और 29 नवंबर (रविवार) को चलेंगे। इन दिनों संबंधित मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मौजूद रहेंगे, जहां मतदाता सूची से जुड़े आवेदन और आपत्तियां दी जा सकेंगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी के मुताबिक, प्राप्त दावों और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा।

किस काम के लिए कौन सा फॉर्म भरना होगा?

मतदाता सूची में पहली बार नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 भरना होगा। यह फॉर्म संबंधित बीएलओ, पदाभिहित अधिकारी या निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय में जमा किया जा सकता है।

मतदाता सूची से नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 का इस्तेमाल होगा। वहीं, मतदाता सूची में दर्ज किसी जानकारी में संशोधन, मतदाता फोटो पहचान पत्र बदलवाने, दिव्यांग मतदाता के रूप में चिन्हित कराने या निवास स्थान बदलने के लिए फॉर्म-8 भरकर संबंधित अधिकारी को देना होगा।

ऑनलाइन आवेदन की भी सुविधा

मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, नाम हटवाने या किसी प्रविष्टि में संशोधन के लिए ऑनलाइन आवेदन भी किया जा सकता है। इसके लिए भारत निर्वाचन आयोग के ECINET मोबाइल ऐप और आधिकारिक वेबसाइट https://voters.eci.gov.in/ पर सुविधा उपलब्ध है।

निर्वाचन संबंधी जानकारी या सहायता के लिए गौतमबुद्धनगर में स्थापित डिस्ट्रिक्ट कॉन्टैक्ट सेंटर (DCC) से भी संपर्क किया जा सकता है। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 1950 और 0120-2978702 जारी किए गए हैं।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.