“बिहार में अब सिर्फ मोदी-नीतीश मॉडल”, शपथ के बाद सीएम सम्राट चौधरी का बड़ा संदेश, संभाली सत्ता की कमान
पटना: मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद सम्राट चौधरी ने अपने पहले ही बयान में साफ कर दिया कि बिहार की राजनीति और विकास की दिशा अब तय है। उन्होंने कहा, “मैं आज से ही बिहार के लिए काम करना शुरू कर दूंगा। बिहार में सिर्फ मोदी-नीतीश मॉडल ही चलेगा।” शपथ ग्रहण के तुरंत बाद उन्होंने प्रशासनिक कामकाज भी संभाल लिया।
नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के बाद अब बिहार की कमान औपचारिक रूप से भाजपा के हाथों में आ गई है। इस बीच पटना स्थित लोकभवन के बाहर समर्थकों ने “बुलडोजर बाबा जिंदाबाद” के नारे लगाए, लेकिन सम्राट चौधरी ने स्पष्ट किया कि राज्य में विकास का आधार केवल मोदी-नीतीश मॉडल ही रहेगा।
“नीतीश के अधूरे काम पूरे करेंगे”
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने नए मुख्यमंत्री पर भरोसा जताते हुए कहा कि नीतीश कुमार ने 20 वर्षों में जो विकास की नींव रखी, उसे अब सम्राट चौधरी आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि अगर कहीं कोई कमी रह गई है, तो उसे पूरा कर बिहार को नई ऊंचाइयों तक ले जाया जाएगा। मांझी ने भावुक होते हुए यह भी कहा कि उनके राजनीतिक जीवन में नीतीश कुमार की बड़ी भूमिका रही है।
बीजेपी नेताओं ने जताई खुशी और भरोसा
भाजपा नेता दिलीप जायसवाल ने भी इस बदलाव को सकारात्मक बताते हुए कहा कि सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के विकसित बिहार के विजन को अब नई गति मिलेगी।
पहली बार भाजपा के हाथ में सीएम पद
बिहार में एनडीए सरकार पहले से मौजूद थी, लेकिन यह पहला मौका है जब भाजपा ने राज्य में मुख्यमंत्री पद संभाला है। इससे पहले विधानसभा चुनाव के बाद नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री बने थे। बदलते राजनीतिक हालात में उनके राज्यसभा जाने के बाद भाजपा को नेतृत्व का अवसर मिला है।
सम्राट चौधरी इससे पहले नीतीश सरकार में उपमुख्यमंत्री के पद पर कार्यरत थे। अब उनके मुख्यमंत्री बनने के बाद जदयू के विजय कुमार चौधरी और विजेंद्र कुमार यादव ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली है। सम्राट चौधरी को नीतीश कुमार का करीबी और भरोसेमंद नेता माना जाता रहा है, और वे पहले ही संकेत दे चुके थे कि आगे की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी जा सकती है।