GT vs KKR Head to Head: पहली जीत की तलाश में कोलकाता, अहमदाबाद में गुजरात से कड़ी चुनौती; आंकड़ों में किसका पलड़ा भारी?
आईपीएल 2026 के 25वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस और कोलकाता नाइट राइडर्स आमने-सामने होंगी। यह मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच में सबसे ज्यादा दबाव कोलकाता की टीम पर रहेगा, जो इस सीजन में अब तक जीत का खाता नहीं खोल पाई है। केकेआर ने पांच मैच खेले हैं, लेकिन एक भी जीत हासिल नहीं कर सकी है। उनका इकलौता अंक पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच बारिश में धुलने से आया है। दूसरी ओर गुजरात टाइटंस ने चार में से दो मुकाबले जीतकर संतुलित प्रदर्शन किया है।
हेड टू हेड में गुजरात आगे, केकेआर को मिली है सिर्फ एक जीत
दोनों टीमों के बीच आईपीएल में अब तक कुल पांच मुकाबले खेले गए हैं। इनमें गुजरात टाइटंस ने तीन मैचों में जीत दर्ज की है, जबकि कोलकाता नाइट राइडर्स को सिर्फ एक जीत मिली है। एक मुकाबला बारिश की वजह से रद्द हो गया था। खास बात यह है कि केकेआर की इकलौती जीत इसी अहमदाबाद के मैदान पर साल 2023 में आई थी, जब उसने गुजरात को 7 विकेट से हराया था। वहीं, 2025 में खेले गए मुकाबले में गुजरात ने 39 रनों से बाजी मारी थी।
पॉइंट्स टेबल में केकेआर सबसे नीचे, गुजरात मिड-टेबल में
पॉइंट्स टेबल की बात करें तो गुजरात टाइटंस ने सीजन की शुरुआत शानदार की थी और शुरुआती दो मैच जीते थे, लेकिन इसके बाद लगातार दो हार झेलनी पड़ी। फिलहाल टीम छठे स्थान पर बनी हुई है। वहीं कोलकाता नाइट राइडर्स की स्थिति बेहद खराब है। टीम ने पांच में से चार मैच गंवाए हैं और एक मुकाबला रद्द रहा, जिसके चलते उसके खाते में सिर्फ एक अंक है और वह अंक तालिका में सबसे नीचे है।
दोनों टीमों का स्क्वॉड
गुजरात टाइटंस की कमान शुभमन गिल के हाथों में है। टीम में जोस बटलर, राशिद खान, राहुल तेवतिया, वॉशिंगटन सुंदर, मोहम्मद सिराज, कगिसो रबाडा और साई सुदर्शन जैसे खिलाड़ी शामिल हैं।
वहीं कोलकाता नाइट राइडर्स की कप्तानी अजिंक्य रहाणे कर रहे हैं। टीम में मनीष पांडे, रिंकू सिंह, सुनील नारायण, वरुण चक्रवर्ती, कैमरन ग्रीन, उमरान मलिक और रचिन रवींद्र जैसे खिलाड़ी मौजूद हैं, लेकिन अब तक प्रदर्शन उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा है।