लखनऊ में माता प्रसाद पांडेय को हाउस अरेस्ट करने की कोशिश नाकाम, दिल्ली में मौजूदगी की सूचना; आज नोएडा पहुंचेगा सपा प्रतिनिधिमंडल

0 177

लखनऊ में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय को हाउस अरेस्ट करने की पुलिस की कोशिश बेअसर साबित हुई। पुलिस उन्हें नोएडा जाने से रोकने के लिए उनके आवास पर नजरबंद करना चाहती थी, लेकिन वह लखनऊ में मौजूद नहीं मिले। उनके घर के बाहर सुबह सन्नाटा पसरा रहा और वहां से पुलिस बल भी हट गया।

रात में पहुंची थी पुलिस, दिल्ली में होने की चर्चा

सूत्रों के मुताबिक, देर रात पुलिस बल उनके आवास के बाहर पहुंचा था और उन्हें हाउस अरेस्ट करने की तैयारी की गई थी। हालांकि, बाद में जानकारी सामने आई कि माता प्रसाद पांडेय दिल्ली में मौजूद हैं। बताया जा रहा है कि वे दिन में दिल्ली से नोएडा के लिए रवाना हो सकते हैं। ऐसे में दिल्ली-नोएडा बॉर्डर पर उन्हें रोके जाने की भी संभावना जताई जा रही है।

मजदूरों से मिलने आज नोएडा जाएगा सपा का प्रतिनिधिमंडल

नोएडा के इंडस्ट्रियल बेल्ट में चल रहे मजदूरों के विरोध प्रदर्शन के बीच समाजवादी पार्टी ने सक्रियता बढ़ा दी है। पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के निर्देश पर 10 सदस्यों का प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को नोएडा पहुंचकर मजदूरों से मुलाकात करेगा। इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व माता प्रसाद पांडेय करेंगे।

इन नेताओं को प्रतिनिधिमंडल में किया गया शामिल

सपा के इस प्रतिनिधिमंडल में राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी, जिला अध्यक्ष सुधीर भाटी, महानगर अध्यक्ष आश्रय गुप्ता, पूर्व मंत्री शाहिद मंजूर, कमाल अख्तर, विधायक अतुल प्रधान, पंकज कुमार मलिक और पूर्व एमएलसी शशांक यादव शामिल हैं।

नोएडा पुलिस का बयान: हिंसा में शामिल लोगों पर ही कार्रवाई

वहीं, गुरुवार को नोएडा पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने स्पष्ट किया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कोई बल प्रयोग नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि कार्रवाई केवल उन लोगों पर की गई, जो हिंसा, आगजनी और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की घटनाओं में शामिल थे। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारियां उन्हीं मामलों में हुई हैं जहां लोग सीधे तौर पर पत्थरबाजी, आगजनी या सार्वजनिक और निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने में शामिल पाए गए, जबकि कुछ पर परोक्ष रूप से उकसाने के आरोप भी हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.