आईपीएल 2026 के 24वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच खेले गए मैच में क्विंटन डी कॉक ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से सबका ध्यान खींच लिया। रोहित शर्मा की गैरमौजूदगी में प्लेइंग इलेवन में शामिल किए गए डी कॉक ने मौके को दोनों हाथों से भुनाया और अपने सीजन के पहले ही मैच में शानदार शतक जड़ दिया। उनकी इस पारी के दम पर मुंबई इंडियंस मुकाबले में मजबूत स्थिति में नजर आई। डी कॉक ने महज 53 गेंदों में अपनी सेंचुरी पूरी की।
मिनी ऑक्शन में 2 करोड़ में खरीदे गए, पहले ही मैच में दिखाया दम
क्विंटन डी कॉक को मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2026 के मिनी ऑक्शन में 2 करोड़ रुपये के बेस प्राइस पर खरीदा था। हालांकि, उन्हें शुरुआती मुकाबलों में प्लेइंग इलेवन में मौका नहीं मिला। टीम के लिए रोहित शर्मा और रेयान रिकेलटन ओपनिंग कर रहे थे, लेकिन रोहित के चोटिल होने के बाद पंजाब किंग्स के खिलाफ उन्हें मौका दिया गया। डी कॉक ने इस अवसर को यादगार बनाते हुए शानदार शतकीय पारी खेली और टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया।
आईपीएल करियर का तीसरा शतक
यह क्विंटन डी कॉक के आईपीएल करियर का तीसरा शतक है। उन्होंने अपना पहला शतक साल 2016 में दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स) के लिए खेलते हुए रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ 51 गेंदों में 108 रन बनाकर लगाया था। इसके बाद उन्होंने 2022 में लखनऊ सुपर जायंट्स की ओर से खेलते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ शतक जड़ा था। अब मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए उन्होंने पंजाब किंग्स के खिलाफ अपना तीसरा शतक पूरा किया। इस मुकाबले में डी कॉक 60 गेंदों पर 112 रन बनाकर नाबाद लौटे।
राहुल और संजू के खास क्लब में शामिल
इस शतक के साथ क्विंटन डी कॉक आईपीएल इतिहास के उन चुनिंदा खिलाड़ियों में शामिल हो गए हैं जिन्होंने तीन अलग-अलग फ्रेंचाइजी के लिए शतक लगाया है। उनसे पहले केएल राहुल और संजू सैमसन ही यह उपलब्धि हासिल कर पाए थे। केएल राहुल ने पंजाब किंग्स, लखनऊ सुपर जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स के लिए शतक जमाए हैं, जबकि संजू सैमसन ने दिल्ली कैपिटल्स, राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स के लिए यह कारनामा किया है। अब डी कॉक ने भी दिल्ली कैपिटल्स, लखनऊ सुपर जायंट्स और मुंबई इंडियंस के लिए शतक लगाकर इस खास सूची में अपना नाम दर्ज करा लिया है।