आईपीएल 2026 के 24वें मुकाबले में पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस को 7 विकेट से हराकर न सिर्फ अहम जीत दर्ज की, बल्कि एक बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ पंजाब ने चेन्नई सुपर किंग्स का एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड तोड़ दिया है और आईपीएल इतिहास में अपनी मजबूती और बढ़ा दी है।
वानखेड़े में मुंबई के खिलाफ नया रिकॉर्ड बना पंजाब के नाम
पंजाब किंग्स अब वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस को सबसे ज्यादा बार हराने वाली टीम बन गई है। इस मैदान पर पंजाब ने मुंबई को 11 मुकाबलों में 6 बार मात दी है। इससे पहले यह रिकॉर्ड चेन्नई सुपर किंग्स के नाम था, जिसने 13 मैचों में मुंबई को 5 बार हराया था। इसी लिस्ट में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने भी 13 में से 5 मुकाबले जीते हैं, जबकि राजस्थान रॉयल्स ने 9 में से 4 मैचों में मुंबई को शिकस्त दी है।
MI के खिलाफ सबसे सफल टीमों में बराबरी
मुंबई इंडियंस के खिलाफ सबसे ज्यादा मैच जीतने के मामले में अब पंजाब किंग्स ने चेन्नई सुपर किंग्स की बराबरी कर ली है। दोनों टीमों ने अब तक मुंबई के खिलाफ 18-18 मुकाबले जीते हैं। पंजाब ने यह उपलब्धि 35 मैचों में हासिल की है, जबकि चेन्नई सुपर किंग्स ने 39 मुकाबलों में यह आंकड़ा छुआ है। इस सूची में दिल्ली कैपिटल्स 38 में से 17 जीत के साथ तीसरे स्थान पर है, जबकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 35 में से 16 मैच जीते हैं।
मुंबई के खिलाफ लक्ष्य हासिल करने में भी पंजाब का दम
इस मुकाबले में पंजाब किंग्स ने 196 रन का लक्ष्य हासिल किया, जो मुंबई इंडियंस के खिलाफ आईपीएल में संयुक्त रूप से दूसरा सबसे बड़ा सफल रन चेज है। इससे पहले 2020 में राजस्थान रॉयल्स ने भी मुंबई के खिलाफ 196 रन का लक्ष्य हासिल किया था। वहीं, मुंबई के खिलाफ सबसे बड़ा रन चेज करने का रिकॉर्ड भी पंजाब किंग्स के नाम है, जब उन्होंने 2025 में अहमदाबाद में 204 रन का लक्ष्य सफलतापूर्वक हासिल किया था।