शादी समारोह में गोलीकांड से मचा हड़कंप, नेता के सहायक पर फायरिंग का आरोप, दुल्हन के जीजा को लगी गोली, मची अफरातफरी

0 39

उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले के कायमगंज नगर में एक शादी समारोह के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब समारोह के बीच अचानक गोली चल गई। इस घटना में दुल्हन के जीजा गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसके बाद शादी का पूरा माहौल अफरातफरी और चीख-पुकार में बदल गया।

द्वारचार के दौरान स्टेज के पास चली गोली
जानकारी के मुताबिक, मोहल्ला जवाहरगंज निवासी प्रदीप सक्सेना के पुत्र जय सक्सेना का विवाह समारोह लाला परमानंद की बगीची स्थित एक मैरिज होम में आयोजित किया गया था। द्वारचार की रस्म और जयमाल कार्यक्रम के दौरान स्टेज के पास बैठे लोगों के बीच अचानक फायरिंग की घटना हुई, जिससे मौके पर भगदड़ मच गई।

दुल्हन के जीजा को लगी गोली, गंभीर हालत में अस्पताल रेफर
परिजनों का आरोप है कि एक नेता के साथ आए सहायक (बाउंसर) ने अचानक फायरिंग कर दी, जिसकी गोली गौरव सक्सेना को जा लगी। गौरव, शिव संत सक्सेना के पुत्र हैं और बाजार कला, थाना शमशाबाद के निवासी हैं। गोली लगते ही वह मौके पर ही गिर पड़े और खून से लथपथ हो गए। घायल को पहले फर्रुखाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत गंभीर देखते हुए कानपुर रेफर कर दिया गया। फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

फायरिंग के बाद आरोपी फरार, पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद आरोपी और उसके साथ मौजूद नेता मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। शादी समारोह में अचानक हुई इस घटना से मेहमानों में दहशत फैल गई।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, जांच जारी
थाना कायमगंज कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि मामले की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है और तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.