दिल्ली में बढ़ती गर्मी पर सख्त एक्शन, सीएम रेखा गुप्ता ने ‘हीट वेव एक्शन प्लान 2026’ की तैयारियों का लिया जायजा

0 32

दिल्ली में लगातार बढ़ती गर्मी और हीटवेव के खतरे को देखते हुए सरकार अलर्ट मोड में आ गई है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री Rekha Gupta ने शनिवार को ‘हीट वेव एक्शन प्लान 2026’ की तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि सभी इंतजाम जमीनी स्तर पर नजर आने चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अस्पतालों से लेकर बस स्टैंड तक, हर जगह पुख्ता इंतजाम के निर्देश

सीएम ने निर्देश दिए कि भीषण गर्मी के दौरान अस्पतालों में पर्याप्त बेड उपलब्ध रहें और एम्बुलेंस में हीटवेव से निपटने की पूरी सुविधा हो। साथ ही जन-जागरूकता अभियान तुरंत शुरू किए जाएं। उन्होंने कहा कि स्कूलों, अस्पतालों, निर्माण स्थलों, अटल कैंटीनों, पुलिस थानों, पोस्ट ऑफिसों और डीटीसी बस स्टैंडों पर स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा ओआरएस, वॉटर कूलर, टैंकर और वॉटर एटीएम की निर्बाध आपूर्ति भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

बच्चों की सुरक्षा पर खास फोकस, स्कूलों को सख्त दिशा-निर्देश

मुख्यमंत्री ने कहा कि भीषण गर्मी के बीच बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं कि हर 45 से 60 मिनट में ‘वॉटर बेल’ बजाई जाए, ताकि बच्चे नियमित रूप से पानी पी सकें। इसके साथ ही हर स्कूल में ठंडे और साफ पानी की उपलब्धता अनिवार्य होगी।

2 मई तक स्कूलों को देनी होगी अनुपालन रिपोर्ट

सीएम रेखा गुप्ता ने सभी स्कूलों को निर्देश दिया है कि वे 2 मई तक शिक्षा निदेशालय को हीट वेव एक्शन प्लान के तहत अपनी अनुपालन रिपोर्ट सौंपें। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे सुनिश्चित करें कि स्कूल इन निर्देशों का सही तरीके से पालन कर रहे हैं।

हर स्कूल में नोडल अधिकारी तैनात, बाहरी गतिविधियों पर रोक

सरकार ने हर स्कूल में एक नोडल अधिकारी नियुक्त करने का फैसला किया है, जो सभी दिशानिर्देशों के पालन की निगरानी करेगा। साथ ही स्कूलों को यह भी निर्देश दिया गया है कि बच्चों को धूप में न रखा जाए और न ही किसी तरह की आउटडोर खेल गतिविधियां कराई जाएं।

पशु-पक्षियों के लिए भी व्यवस्था, सरकार का व्यापक प्लान

सीएम ने यह भी कहा कि गर्मी से बचाव के उपाय केवल इंसानों तक सीमित नहीं हैं। पशु-पक्षियों के लिए भी छाया और पानी की पर्याप्त व्यवस्था की जानी चाहिए। उन्होंने सभी विभागों को समय पर तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को गर्मी से राहत मिल सके।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.