दिल्ली एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला, टेकऑफ से पहले विमान में धुआं, 232 यात्री सुरक्षित निकाले गए

0 25

नई दिल्ली में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब ज्यूरिख के लिए उड़ान भरने जा रहा एक यात्री विमान टेकऑफ से ठीक पहले तकनीकी खराबी का शिकार हो गया। विमान से धुआं उठता देख पायलट ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए टेकऑफ रद्द कर दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। उस वक्त विमान में कुल 232 यात्री सवार थे।

टेकऑफ के दौरान सामने आई तकनीकी खराबी

जानकारी के अनुसार स्विस इंटरनेशनल एयर लाइन्स की फ्लाइट LX147 रविवार तड़के करीब एक बजे दिल्ली से ज्यूरिख के लिए रवाना होने वाली थी। जैसे ही विमान टेकऑफ की प्रक्रिया में था, उसी दौरान तकनीकी गड़बड़ी सामने आई। बताया गया कि इंजन में खराबी के चलते लैंडिंग गियर के पोर्ट साइड से धुआं निकलने लगा, जिसे देखते ही पायलट ने तुरंत उड़ान रद्द कर दी।

इमरजेंसी स्लाइड से यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया

घटना के बाद सुरक्षा प्रोटोकॉल को तुरंत लागू किया गया और सभी यात्रियों को इमरजेंसी स्लाइड के जरिए सुरक्षित बाहर निकाला गया। कुछ यात्रियों को सीढ़ियों के माध्यम से भी बाहर लाया गया। एयरलाइन के मुताबिक एहतियातन सभी यात्रियों और क्रू मेंबर्स को सुरक्षित निकाल लिया गया।

6 यात्रियों को हल्की चोट, हालत सामान्य

इस दौरान 6 यात्रियों को हल्की चोट या असहजता महसूस होने पर मेडिकल जांच के लिए भेजा गया। फिलहाल सभी की स्थिति सामान्य बताई जा रही है। एयरलाइन ने कहा है कि तकनीकी विशेषज्ञों की टीम विमान की जांच करेगी और यात्रियों के लिए जल्द वैकल्पिक यात्रा की व्यवस्था की जाएगी।

एयरपोर्ट प्रशासन ने जारी किया बयान

दिल्ली एयरपोर्ट प्रशासन ने भी घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि रनवे पर स्थिति को देखते हुए तुरंत इमरजेंसी घोषित की गई और सभी सुरक्षा उपाय लागू किए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और इस घटना का एयरपोर्ट के सामान्य संचालन पर कोई असर नहीं पड़ा।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.