राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने रासायनिक आपदाओं को लेकर जारी की अहम गाइडलाइंस, औद्योगिक इकाइयों को जागरूकता अभियान तेज करने के निर्देश

0 35

गौतमबुद्धनगर में रासायनिक आपदाओं से सुरक्षा और बचाव को लेकर महत्वपूर्ण पहल की गई है। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ने जिले की सभी औद्योगिक इकाइयों के संचालकों और प्रबंधकों को राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, भारत सरकार द्वारा जारी “क्या करें और क्या न करें” संबंधी गाइडलाइंस की जानकारी दी है। साथ ही निर्देश दिए गए हैं कि इन दिशा-निर्देशों का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि कर्मचारियों और आसपास के लोगों को आपदा के समय आवश्यक सतर्कता बरतने की पूरी जानकारी मिल सके।

औद्योगिक क्षेत्रों में जन-जागरूकता पर दिया गया जोर

प्रशासन की ओर से कहा गया है कि इन गाइडलाइंस के प्रभावी अनुपालन से औद्योगिक क्षेत्रों में संभावित जोखिमों को कम किया जा सकता है और जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है। सभी इकाइयों से अपेक्षा की गई है कि वे अपने स्तर पर जागरूकता अभियान चलाकर कर्मचारियों को प्रशिक्षित करें।

रासायनिक आपात स्थिति से पहले बरती जाने वाली सावधानियां

जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार रासायनिक आपात स्थिति से पहले नागरिकों को कई सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है। इसमें रसायनों को सही तरीके से संग्रहित करना, अलग-अलग घरेलू रसायनों को आपस में न मिलाना, गैर-खाद्य उत्पादों को सुरक्षित और स्पष्ट रूप से लेबल किए गए कंटेनरों में रखना शामिल है। इसके अलावा रसायनों का सही निपटान, खतरनाक क्षेत्रों में धूम्रपान और आग से बचाव, तथा आपातकालीन संपर्क नंबरों को हमेशा उपलब्ध रखना भी आवश्यक बताया गया है।

साथ ही नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे सुरक्षित आश्रयों और वहां पहुंचने के सुरक्षित मार्गों की पहचान करें, परिवार के लिए आपदा प्रबंधन योजना तैयार करें और आवश्यक वस्तुओं के साथ एक आपदा किट अवश्य रखें। लोगों को सरकारी एवं स्वैच्छिक संगठनों द्वारा आयोजित क्षमता निर्माण कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए भी प्रेरित किया गया है।

आपात स्थिति के दौरान क्या करें

गाइडलाइंस में स्पष्ट किया गया है कि रासायनिक आपदा की स्थिति में घबराने से बचें और निर्धारित सुरक्षित मार्ग से तुरंत क्षेत्र खाली करें। यदि बाहर निकलना संभव न हो तो सभी दरवाजे और खिड़कियां पूरी तरह बंद कर लें। बाहर निकलते समय चेहरे को गीले कपड़े से ढकने की सलाह दी गई है। सुरक्षित स्थान पर पहुंचने के बाद तुरंत पुलिस, अस्पताल या अन्य आपातकालीन सेवाओं को सूचना दें और किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचें।

समुदाय की भूमिका को बताया गया अहम

दिशा-निर्देशों में समुदाय की भूमिका को भी अत्यंत महत्वपूर्ण बताया गया है। स्थानीय लोगों से अपील की गई है कि वे अपने आसपास के लोगों को रासायनिक खतरों और प्राथमिक उपचार की जानकारी दें। आपात स्थिति में केवल आधिकारिक सूचना माध्यमों जैसे रेडियो, टीवी और मोबाइल अपडेट पर ही भरोसा करें। इसके अलावा सटीक जानकारी अधिकारियों तक पहुंचाना और आवश्यक सुरक्षात्मक उपकरणों की जानकारी देना भी जरूरी बताया गया है।

प्रशासन ने सभी औद्योगिक इकाइयों और नागरिकों से इन गाइडलाइंस का गंभीरता से पालन करने की अपील की है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.