यूपी में 16वीं जनगणना का शेड्यूल जारी, दो चरणों में होगी प्रक्रिया; 22 मई से शुरू होगा पहला चरण, फरवरी 2027 में होगी जनसंख्या गणना

0 24

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 16वीं जनगणना को लेकर आधिकारिक कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। राज्य में जनगणना दो चरणों में संपन्न कराई जाएगी। पहला चरण 22 मई 2026 से 20 जून 2026 तक चलेगा, जबकि दूसरा चरण फरवरी 2027 में आयोजित किया जाएगा।

पहले चरण में मकान सूचीकरण, दूसरे में जनसंख्या की गणना

पहले चरण के दौरान मकानों का सूचीकरण और उनकी गणना की जाएगी। इस चरण में जनगणना कर्मी घर-घर जाकर प्रत्येक मकान की स्थिति, परिवार को उपलब्ध सुविधाएं और संपत्तियों से जुड़ी जानकारी मोबाइल ऐप के माध्यम से एकत्र करेंगे। वहीं दूसरे चरण में जनसंख्या से संबंधित विस्तृत आंकड़े जुटाए जाएंगे।

5.25 लाख से अधिक अधिकारी-कर्मचारी होंगे तैनात

जनगणना निदेशक एवं मुख्य प्रधान जनगणना अधिकारी आईएएस शीतल वर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इस विशाल प्रक्रिया को पूरा करने के लिए प्रदेशभर में करीब 5.25 लाख अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसमें 18 मंडल आयुक्त, 75 जिलाधिकारी, 17 नगर आयुक्त, 600 जिला स्तरीय अधिकारी, 1195 चार्ज अधिकारी, 285 मास्टर ट्रेनर, 6939 फील्ड ट्रेनर्स और लगभग 5 लाख पर्यवेक्षक व प्रगणक शामिल हैं।

दूसरे चरण में होगी जातिगत जनगणना

इस बार जनगणना की सबसे अहम बात यह है कि दूसरे चरण में जातिगत जनगणना भी कराई जाएगी। आजादी के बाद यह पहला मौका होगा जब जाति आधारित आंकड़े एकत्र किए जाएंगे। हालांकि, इसके लिए मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) अभी तय की जानी बाकी है।

केंद्र की नीति के तहत होगी प्रक्रिया

अधिकारियों के मुताबिक, दूसरे चरण में व्यक्तिगत स्तर पर डेटा संग्रह किया जाएगा और जातिगत जनगणना केंद्र सरकार की नीति के अनुरूप कराई जाएगी। पहले चरण में केवल हाउसहोल्ड स्तर का डेटा एकत्र किया जाएगा।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.