ट्रंप ने NATO को दी कड़ी चेतावनी, कहा—ईरान को परमाणु हथियार मिले तो दुनिया में मच सकती है तबाही; इज़राइल और यूरोप पर हमले का जताया खतरा
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड जे. ट्रंप ने NATO देशों को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में ईरान को परमाणु हथियार नहीं दिए जा सकते, क्योंकि अगर ऐसा हुआ तो इसके गंभीर परिणाम होंगे और यह वैश्विक सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा साबित हो सकता है।
‘ईरान परमाणु हथियार का इस्तेमाल कर सकता है’—ट्रंप का दावा
ट्रंप ने कहा कि यदि ईरान के पास परमाणु हथियार आ गए तो वह उनका इस्तेमाल बहुत जल्द इज़राइल, मध्य पूर्व और यूरोप में कर सकता है। उन्होंने यहां तक दावा किया कि इसका असर अमेरिका तक भी पहुंच सकता है। ट्रंप ने यह भी कहा कि इस स्थिति को किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
जहाजों को लेकर भी किया बड़ा दावा
अपने बयान में ट्रंप ने ईरान की नौसैनिक ताकत पर टिप्पणी करते हुए दावा किया कि उसके 159 जहाज पहले ही समुद्र में नष्ट हो चुके हैं और हर जहाज इस समय समुद्र की तलहटी में है। हालांकि इस दावे को लेकर विस्तृत आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।
मैक्रॉन पर फिर कसा तंज, टैरिफ का भी जिक्र
ट्रंप ने एक बार फिर फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन पर निशाना साधते हुए कहा कि अमेरिका ने टैरिफ की धमकी देकर दवाओं की कीमतों को लेकर समझौता कराने पर मजबूर किया। उन्होंने 250 प्रतिशत टैरिफ का भी जिक्र किया।
‘ईरान को परमाणु मुक्त दुनिया चाहिए’—ट्रंप
ट्रंप ने कहा कि अमेरिका का लक्ष्य एक परमाणु हथियार रहित ईरान और सुरक्षित दुनिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ईरान को परमाणु हथियार रखने की अनुमति दी गई तो वैश्विक स्तर पर गंभीर खतरा पैदा हो सकता है।
ईरान के साथ बातचीत पर जताई अनिश्चितता
अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान के साथ चल रही बातचीत पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि ईरान द्वारा भेजे गए प्रस्तावों से वह संतुष्ट नहीं हैं और यह भी स्पष्ट नहीं है कि दोनों देशों के बीच कोई समझौता हो पाएगा या नहीं।
कांग्रेस को दी गई जानकारी
व्हाइट हाउस की ओर से कांग्रेस को बताया गया है कि क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य मौजूदगी के बावजूद ईरान से तनाव को “समाप्त” माना जा रहा है। हालांकि ट्रंप ने स्वयं कहा कि स्थिति पूरी तरह स्थिर नहीं है और आगे भी चुनौतियां बनी रह सकती हैं।