Census 2027: घर बैठे ऑनलाइन भर सकते हैं जनगणना की पूरी जानकारी, जानिए SE ID से लेकर डॉक्यूमेंट अपलोड तक हर जरूरी सवाल का जवाब
देश में शुरू हुई Census 2027 प्रक्रिया के साथ लोगों के मन में जनगणना को लेकर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। अब नागरिक घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से Self-Enumeration सुविधा का इस्तेमाल कर अपनी और अपने परिवार की जानकारी खुद दर्ज कर सकते हैं। हालांकि, इस प्रक्रिया को लेकर लोगों के बीच SE ID, डेटा सुरक्षा, दस्तावेज अपलोड और गणनाकर्मी की भूमिका को लेकर भ्रम की स्थिति भी बनी हुई है।
सरकार की ओर से शुरू किए गए Self-Enumeration पोर्टल के जरिए लोग बिना किसी इंतजार के अपनी जानकारी ऑनलाइन सबमिट कर सकते हैं। आइए जानते हैं जनगणना 2027 से जुड़े उन सभी अहम सवालों के जवाब, जो इस समय सबसे ज्यादा पूछे जा रहे हैं।
क्या है Self-Enumeration प्रक्रिया?
Self-Enumeration एक ऑनलाइन सुविधा है, जिसके जरिए नागरिक खुद पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर अपने परिवार की जानकारी भर सकते हैं। इसके लिए गणनाकर्मी के घर आने का इंतजार करना जरूरी नहीं होगा। लोग अपनी सुविधा के अनुसार घर बैठे यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
क्या Self-Enumeration कराना अनिवार्य है?
नहीं, यह सुविधा पूरी तरह वैकल्पिक है। यदि कोई व्यक्ति खुद ऑनलाइन जानकारी दर्ज नहीं करना चाहता, तो जनगणना कर्मी घर-घर जाकर आवश्यक जानकारी एकत्र करेंगे।
किन भाषाओं में उपलब्ध है सुविधा?
Self-Enumeration की सुविधा हिंदी, अंग्रेजी समेत 14 अन्य भारतीय भाषाओं में उपलब्ध कराई गई है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग आसानी से इसका उपयोग कर सकें।
क्या इंटरनेट कनेक्शन जरूरी होगा?
हां, Self-Enumeration पोर्टल का इस्तेमाल करने के लिए इंटरनेट कनेक्शन जरूरी है। बिना इंटरनेट के ऑनलाइन जानकारी दर्ज नहीं की जा सकेगी।
क्या पोर्टल पर दी गई जानकारी सुरक्षित रहेगी?
सरकार के मुताबिक, पोर्टल पर दी गई सभी जानकारियां पूरी तरह सुरक्षित और एन्क्रिप्टेड रहेंगी। डेटा सरकारी सर्वरों पर सुरक्षित तरीके से स्टोर किया जाएगा।
क्या होती है SE ID और क्यों है जरूरी?
ऑनलाइन जानकारी सबमिट करने के बाद नागरिकों को 11 अंकों की एक यूनिक SE ID जारी की जाएगी। यह ID बेहद महत्वपूर्ण होगी, क्योंकि जनगणना कर्मी के घर आने पर इसी के आधार पर जानकारी का सत्यापन किया जाएगा।
अगर SE ID भूल जाएं तो क्या करें?
यदि कोई व्यक्ति अपनी SE ID भूल जाता है, तो वह रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर की मदद से Self-Enumeration पोर्टल पर जाकर इसे दोबारा प्राप्त कर सकता है।
क्या ऑनलाइन जानकारी भरने के बाद भी घर आएगा गणनाकर्मी?
हां, Self-Enumeration पूरा होने के बाद भी जनगणना कर्मी घर पर आएंगे। उनका काम नागरिकों द्वारा दी गई जानकारी का SE ID के जरिए सत्यापन करना होगा।
क्या दस्तावेज अपलोड करना जरूरी है?
नहीं, Self-Enumeration पोर्टल पर किसी भी प्रकार के दस्तावेज अपलोड करने की जरूरत नहीं होगी। नागरिकों को केवल मांगी गई जानकारी दर्ज करनी होगी।
क्या पोर्टल पर सहायता की सुविधा मिलेगी?
हां, पोर्टल पर यूजर गाइड, ट्यूटोरियल वीडियो, फ्लोचार्ट, FAQ और टूलटिप्स जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि लोग आसानी से पूरी प्रक्रिया समझ सकें।
यदि जनगणना 2027 या Self-Enumeration प्रक्रिया को लेकर आपके मन में कोई अन्य सवाल है, तो आप टोल फ्री नंबर 1855 पर कॉल कर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।