लखनऊ: उत्तर प्रदेश में सोमवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली। राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया। सुबह करीब 9 बजे कई इलाकों में ऐसा नजारा दिखा मानो दिन में ही रात उतर आई हो। घने काले बादलों और तेज हवाओं के बीच लोगों को वाहनों की हेडलाइट जलाकर सफर करना पड़ा।
मौसम में आए इस बड़े बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी से राहत जरूर मिली, लेकिन कई जिलों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया।
बाराबंकी में दिन में छाया अंधेरा
बाराबंकी में सुबह से ही आसमान पर काले बादलों ने डेरा जमा लिया। कुछ ही देर बाद तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि और झमाझम बारिश शुरू हो गई। हालात ऐसे हो गए कि सड़कों पर चल रहे वाहनों को दिन में ही लाइट जलानी पड़ी।
तेज बिजली कड़कने से लोग दहशत में नजर आए। कई जगह पेड़ों की डालियां टूटकर गिर गईं, जिससे बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई।
गोंडा में आंधी-पानी से अफरातफरी
गोंडा और करनैलगंज क्षेत्र में तेज आंधी और बारिश ने भारी असर डाला। बाजारों में अफरातफरी मच गई और लोग सुरक्षित जगहों की ओर भागते दिखाई दिए।
शादी-विवाह के सीजन के बीच खराब मौसम ने समारोहों की तैयारियों को भी प्रभावित किया। कई जगह टेंट और शामियाने तेज हवाओं में उड़ गए।
श्रावस्ती और बहराइच में बदला मौसम का मिजाज
श्रावस्ती में सुबह धूप खिली हुई थी, लेकिन कुछ ही देर में मौसम ने अचानक करवट ले ली। घने बादलों के साथ तेज हवाएं चलीं और बारिश शुरू हो गई। आंधी के कारण कई इलाकों में बिजली गुल हो गई।
वहीं बहराइच में मूसलाधार बारिश से शहर और कस्बों में जलभराव की स्थिति बन गई। सड़कों पर पानी भरने से यातायात प्रभावित हुआ और निचले इलाकों में लोगों के घरों तक पानी पहुंच गया।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान बेहद जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलें।
अयोध्या में झमाझम बारिश से सुहाना हुआ मौसम
रामनगरी अयोध्या में भी काले बादलों और तेज बारिश ने मौसम पूरी तरह बदल दिया। दिन में अंधेरा छाने के कारण कई जगह वाहन चालकों को लाइट जलाकर चलना पड़ा। बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को गर्मी से राहत मिली।
बरेली और बदायूं में पेड़ गिरने से परेशानी
बरेली में तेज बारिश के कारण कई स्कूल परिसरों में पानी भर गया। कक्षाओं तक पानी पहुंचने से बच्चों की उपस्थिति भी प्रभावित हुई।
वहीं बदायूं में आंधी और बारिश के दौरान हाईवे पर पेड़ गिरने से लंबा जाम लग गया। पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर पेड़ हटवाए और यातायात बहाल कराया।
कई स्थानों पर पेड़ गिरने से दीवारें क्षतिग्रस्त हो गईं। एक मोर की मौत की भी खबर सामने आई है, जबकि कई लोग हादसों में बाल-बाल बच गए।
सीएम योगी ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की
प्रदेश में खराब मौसम को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोग खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें और बच्चों को सुरक्षित घरों के अंदर रखें।
मुख्यमंत्री ने किसानों से भी फसलों और पशुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है। साथ ही जिलाधिकारियों, पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए गए हैं।
64 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने प्रदेश के 64 जिलों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। लखनऊ के साथ बाराबंकी, सीतापुर, सुल्तानपुर, उन्नाव और कानपुर समेत कई जिलों में बादल छाए हुए हैं और बारिश जारी है।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश का मौसम बदला है। चार से सात मई के बीच 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कई इलाकों में ओले गिरने और बिजली चमकने की भी संभावना जताई गई है।
फिलहाल अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में लू चलने के आसार नहीं हैं।