अंबेडकरनगर में भीषण सड़क हादसा: घायलों की मदद कर रहे लोगों पर चढ़ी बेकाबू कार, 8 की मौत से मचा कोहराम

0 28

अंबेडकरनगर: उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले में रविवार देर रात एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। जलालपुर थाना क्षेत्र में घायल लोगों की मदद के लिए जुटे स्थानीय लोगों को एक तेज रफ्तार बेकाबू कार ने कुचल दिया। इस भीषण हादसे में कुल 8 लोगों की मौत हो गई।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

दो बाइकों की टक्कर के बाद हुआ बड़ा हादसा

जानकारी के मुताबिक जलालपुर थाना क्षेत्र के अशरफपुर भुवा भठे के पास रविवार रात करीब 12 बजे दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई थी। हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोग घायलों की मदद के लिए मौके पर पहुंचे थे और उन्हें अस्पताल भेजने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार अचानक वहां पहुंची और सड़क किनारे मौजूद लोगों को रौंदते हुए निकल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार की रफ्तार बेहद तेज थी, जिससे लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

अस्पताल पहुंचते ही 6 लोगों ने तोड़ा दम

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जलालपुर पहुंचाया गया।

डॉक्टरों ने अस्पताल पहुंचते ही 6 लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं दो गंभीर घायलों की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। बाद में दोनों को टांडा मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।

मृतकों की हुई पहचान

पुलिस के मुताबिक हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान कैफी (32), उत्तम कुमार (24), आदित्य कुमार (25), लालचंद (24), राजू गुप्ता (32) और छोटू के रूप में हुई है। जबकि दो अन्य मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। हादसे के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.