कालपी में दर्दनाक सड़क हादसा: अयोध्या से लौट रहे परिवार की कार दुर्घटनाग्रस्त, 6 की मौत; 4 की हालत गंभीर

0 58

जालौन: उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने छह लोगों की जान ले ली। कालपी क्षेत्र के जोल्हुपुर मोड़ के पास हुए इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के छह सदस्यों की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।

जानकारी के मुताबिक ललितपुर जिले के महरौनी निवासी शशिकांत तिवारी अपने परिवार के साथ अयोध्या से दर्शन कर वापस लौट रहे थे। सुबह करीब 6 बजे कालपी क्षेत्र में जोल्हुपुर मोड़ के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे वाहन से टकरा गई।

बताया जा रहा है कि चालक को झपकी आने की वजह से यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए।

मौके पर मची अफरा-तफरी, कार में फंसे रहे लोग

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। कुछ लोग करीब एक घंटे तक वाहन के अंदर ही फंसे रहे।

सूचना मिलने के बाद पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

चार घायल लोगों का इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए

पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद मृतकों के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।

अस्पताल में भी सामने आई लापरवाही

घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाने के बाद अस्पताल प्रशासन की लापरवाही भी सामने आई। आरोप है कि इमरजेंसी वार्ड के बाहर वार्ड बॉय मौजूद नहीं थे, जिसके कारण घायल करीब 10 मिनट तक एम्बुलेंस में ही तड़पते रहे।

बाद में स्थानीय लोगों और परिजनों ने खुद घायलों को एम्बुलेंस से उतारकर अस्पताल के अंदर पहुंचाया। इस घटना को लेकर लोगों में नाराजगी देखी गई।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.