आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा: टायर फटते ही धधक उठी बस, यात्रियों ने कूदकर बचाई जान; देखते ही देखते जलकर खाक हुई पूरी बस

0 39

आगरा: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सोमवार तड़के एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। लखनऊ से गुरुग्राम जा रही एक प्राइवेट बस का टायर फटने के बाद उसमें भीषण आग लग गई। कुछ ही मिनटों में बस आग का गोला बन गई। गनीमत रही कि चालक की सूझबूझ से सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

हालांकि आग इतनी भयावह थी कि पूरी बस जलकर खाक हो गई और कई यात्रियों का सामान भी आग की चपेट में आ गया।

टायर फटने के बाद लगी आग

पुलिस के मुताबिक मन्नत ट्रेवल्स कंपनी की बस लखनऊ से गुरुग्राम जा रही थी। बस को चालक हरेंद्र वीर सिंह चला रहा था, जो नगला इमली गांव, तहसील खेरागढ़ का निवासी बताया गया है।

बस में कुल 23 यात्री सवार थे। सोमवार सुबह करीब 4 बजे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 15.600 पर अचानक बस के टायर में आग लग गई। कुछ ही देर में आग तेजी से फैलने लगी।

चालक की सूझबूझ से बचीं जानें

बस में आग लगने की जानकारी मिलते ही चालक ने तुरंत बस को एक्सप्रेसवे की पीली पट्टी के किनारे रोका और सभी यात्रियों को नीचे उतारना शुरू कर दिया। कई यात्रियों ने जल्दबाजी में बस से कूदकर अपनी जान बचाई।

इस दौरान कुछ लोग अपना सामान भी बाहर निकालने में सफल रहे, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण कई यात्रियों का सामान बस के अंदर ही जल गया।

देखते ही देखते जलकर राख हुई बस

घटना की सूचना मिलते ही यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची और शुरुआती स्तर पर पानी की बोतलों से आग बुझाने का प्रयास किया गया। लेकिन आग इतनी तेजी से फैल चुकी थी कि बस पूरी तरह उसकी चपेट में आ गई।

कुछ देर बाद फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी।

दूसरी बस से भेजे गए यात्री

यूपीडा के सुरक्षा अधिकारी प्रथम राधा मोहन द्विवेदी ने बताया कि बस का टायर फटने के बाद आग लगी थी। चालक ने सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

उन्होंने बताया कि जिन यात्रियों का सामान जल गया है, उनकी जानकारी जुटाई जा रही है। सभी यात्रियों को दूसरी बस की व्यवस्था कर उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.