ग्राम सोरखा के जर्जर शमशान घाट का होगा कायाकल्प, ग्रामीणों की मांग पर नोएडा प्राधिकरण ने शुरू की तैयारी

0 28

नोएडा: ग्राम सोरखा के ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग पर नवीन ओखला औद्योगिक विकास प्राधिकरण (नोएडा प्राधिकरण) ने जर्जर शमशान घाट के जीर्णोद्धार का फैसला लिया है। प्राधिकरण की ओर से इस संबंध में आवश्यक कार्यों की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, ताकि बरसात से पहले ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

प्राधिकरण के अनुसार, शमशान घाट परिसर में कई जरूरी निर्माण और मरम्मत कार्य प्रस्तावित किए गए हैं। इनमें क्षतिग्रस्त टीन शेड और प्लेटफॉर्म की मरम्मत प्रमुख रूप से शामिल है। इसके अलावा लकड़ी रखने के लिए अलग से गोदाम बनाया जाएगा, जिससे अंतिम संस्कार के दौरान व्यवस्थाएं सुचारु रह सकें।

शोकाकुल लोगों के लिए भी होंगी बेहतर सुविधाएं

नोएडा प्राधिकरण ने शोकाकुल आगंतुकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शौचालय निर्माण और जलापूर्ति की बेहतर व्यवस्था करने का भी निर्णय लिया है। इसके तहत परिसर में नया सबमर्सिबल पंप लगाया जाएगा, जिससे पानी की समस्या दूर हो सके।

प्राधिकरण का कहना है कि ग्रामीणों को लंबे समय से शमशान घाट की खराब स्थिति के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इसी को देखते हुए अब प्राथमिकता के आधार पर जीर्णोद्धार कार्य शुरू किया जा रहा है।

ई-निविदा जारी, बरसात से पहले पूरा करने का लक्ष्य

प्राधिकरण ने इस परियोजना के लिए ई-निविदा आमंत्रित कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि कार्य को जल्द से जल्द पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि आगामी मानसून से पहले ग्रामीणों को बेहतर और सुरक्षित सुविधाएं मिल सकें।

स्थानीय लोगों ने प्राधिकरण के इस फैसले का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि वर्षों पुरानी समस्या का अब स्थायी समाधान हो सकेगा।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.