भारत सरकार द्वारा संचालित “भारत की जनगणना 2027” के अंतर्गत 07 मई से 21 मई 2026 तक स्व-प्रेरणा से स्व-गणना को बढ़ावा देने के लिए विशेष 14 दिवसीय जन-जागरूकता एवं सहभागिता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक नागरिकों को स्व-गणना प्रक्रिया से जोड़ना और जनभागीदारी सुनिश्चित करना है।
जनपद के सम्मानित पत्रकार बंधुओं से अपील की गई है कि वे स्वयं स्व-गणना कर इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय सहयोग दें तथा अपने समाचार माध्यमों और सामाजिक संपर्कों के जरिए आमजन को भी इसके लिए जागरूक करें।
07 से 21 मई तक चलेगा विशेष जागरूकता अभियान
अभियान के तहत नागरिकों को ऑनलाइन माध्यम से अपनी स्व-गणना करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसके लिए निर्धारित पोर्टल पर जाकर नागरिक स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। प्रशासन का मानना है कि मीडिया की सक्रिय भागीदारी से यह अभियान अधिक प्रभावी और व्यापक बन सकेगा।
पत्रकारों से विशेष सहयोग की अपील
अधिकारियों ने मीडिया प्रतिनिधियों से अनुरोध किया है कि वे स्व-गणना प्रक्रिया पूरी करने के बाद अपनी फोटो सहायक निदेशक सूचना के व्हाट्सएप नंबर 9918966505 पर भेजें, ताकि जनपद स्तर पर चल रहे इस जनहित अभियान को और अधिक मजबूती मिल सके।
जनभागीदारी से सफल होगी जनगणना
प्रशासन ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि जनगणना जैसे राष्ट्रीय अभियान में हर व्यक्ति की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। स्व-गणना के जरिए लोग न केवल अपनी जिम्मेदारी निभा सकते हैं, बल्कि देश की विकास योजनाओं के लिए सटीक आंकड़े जुटाने में भी योगदान दे सकते हैं।