कहीं आसमान से बरस रही आग तो कहीं बारिश से राहत, दिल्ली-NCR में आज फिर बदलेगा मौसम; राजस्थान में 45 डिग्री पार पहुंचा पारा
देशभर में मौसम का मिजाज इन दिनों अलग-अलग रंग दिखा रहा है। एक तरफ राजस्थान समेत कई राज्यों में भीषण गर्मी और लू लोगों को परेशान कर रही है, तो दूसरी ओर दिल्ली-एनसीआर और उत्तराखंड में बारिश ने मौसम को सुहाना बना दिया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक आने वाले घंटों में भी कई इलाकों में मौसम का यह उतार-चढ़ाव जारी रहने वाला है।
दिल्ली-NCR में आज बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर के लोगों को सोमवार को गर्मी से राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान जारी किया है। रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 37.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.4 डिग्री कम रहा।
वहीं न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक था। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को अधिकतम तापमान करीब 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। तेज हवाओं और बारिश की वजह से उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद जताई गई है।
राजस्थान में भीषण गर्मी, बाड़मेर में 45.7 डिग्री पहुंचा तापमान
राजस्थान में गर्मी लगातार विकराल रूप लेती जा रही है। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के अधिकांश हिस्सों में पिछले 24 घंटे के दौरान मौसम शुष्क बना रहा और कई जगहों पर लू जैसी स्थिति देखने को मिली।
सबसे ज्यादा तापमान बाड़मेर में दर्ज किया गया, जहां पारा 45.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं सीकर जिले के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 20.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दिन के समय लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो रहा है।
उत्तराखंड में बारिश और आंधी से बिगड़े हालात
उत्तराखंड में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। उत्तरकाशी जिले में रविवार दोपहर भारी बारिश और तेज आंधी दर्ज की गई। खराब मौसम के चलते यमुनोत्री यात्रा मार्ग पर फिसलन बढ़ गई है, जिससे यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
अधिकारियों के मुताबिक प्रतिकूल मौसम के बावजूद श्रद्धालुओं की यात्रा जारी है। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और यात्रियों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
देशभर में मौसम का दोहरा असर
एक तरफ उत्तर भारत के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं से राहत मिल रही है, तो दूसरी ओर पश्चिमी राज्यों में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में कई राज्यों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि कुछ क्षेत्रों में प्री-मानसून गतिविधियां भी जारी रहेंगी।