हैदराबाद से पीएम मोदी की देशवासियों को बड़ी अपील, बोले- वर्क फ्रॉम होम अपनाइए, विदेशी यात्राएं घटाइए और ऑर्गेनिक खेती को बढ़ावा दीजिए
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हैदराबाद में अपने संबोधन के दौरान देशवासियों से संसाधनों की बचत, आत्मनिर्भरता और जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि दुनिया इस समय वैश्विक आर्थिक चुनौतियों, सप्लाई चेन में रुकावट और अंतरराष्ट्रीय तनावों के दौर से गुजर रही है। ऐसे में हर नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह देशहित में छोटे-छोटे लेकिन प्रभावी कदम उठाए।
प्रधानमंत्री ने कहा कि देशभक्ति केवल सीमा पर जान देने तक सीमित नहीं होती, बल्कि कठिन समय में जिम्मेदारी के साथ जीवन जीना और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का पालन करना भी सच्ची देशसेवा है।
कोरोना काल जैसे उपाय फिर अपनाने की सलाह
पीएम मोदी ने कहा कि कोविड काल के दौरान देश ने कई ऐसे उपाय अपनाए थे, जिनसे संसाधनों की बचत हुई और कामकाज भी प्रभावित नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि अब जरूरत पड़ने पर उन्हीं व्यवस्थाओं को फिर से अपनाने की आवश्यकता है।
प्रधानमंत्री ने कंपनियों और संस्थानों से जहां संभव हो वहां वर्क फ्रॉम होम व्यवस्था लागू करने, ऑनलाइन कॉन्फ्रेंस और वर्चुअल मीटिंग को बढ़ावा देने की अपील की। उनका कहना था कि इससे ईंधन की खपत कम होगी और आर्थिक दबाव भी घटेगा।
विदेश यात्रा और सोना खरीदने में कटौती की अपील
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विदेशी मुद्रा बचाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि गैर-जरूरी विदेश यात्राओं, विदेश में छुट्टियां मनाने और डेस्टिनेशन वेडिंग जैसी गतिविधियों से फिलहाल बचना चाहिए।
उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि अगले एक साल तक गैर-जरूरी सोने की खरीदारी से भी परहेज करें। पीएम मोदी ने कहा कि सोने के आयात पर बड़ी मात्रा में विदेशी मुद्रा खर्च होती है और मौजूदा समय में उसे बचाना देशहित में बेहद जरूरी है।
उन्होंने लोगों से भारत में ही पर्यटन और पारिवारिक समारोह आयोजित करने की अपील की ताकि घरेलू अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल सके।
पेट्रोल-डीजल बचाने पर दिया जोर
प्रधानमंत्री ने लोगों से पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जहां भी संभव हो, वहां मेट्रो, बस और अन्य सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल किया जाए।
इसके अलावा कार-पूलिंग को बढ़ावा देने और माल ढुलाई के लिए रेलवे परिवहन को प्राथमिकता देने की भी सलाह दी। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग बढ़ाना समय की जरूरत है और इससे ईंधन आयात पर निर्भरता कम होगी।
लोकल और मेड-इन-इंडिया उत्पाद अपनाने की अपील
पीएम मोदी ने नागरिकों से स्थानीय स्तर पर बने उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने कहा कि जूते, बैग और रोजमर्रा की जरूरतों की चीजों में मेड-इन-इंडिया उत्पादों का इस्तेमाल बढ़ाना चाहिए। इससे घरेलू उद्योग को मजबूती मिलेगी और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
खाने के तेल की खपत कम करने की सलाह
प्रधानमंत्री ने लोगों से खाने के तेल का सीमित इस्तेमाल करने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि इससे न केवल देश की आर्थिक स्थिति को फायदा होगा, बल्कि लोगों की व्यक्तिगत सेहत भी बेहतर होगी।
किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने का आग्रह
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों से रासायनिक उर्वरकों के इस्तेमाल में 50 प्रतिशत तक कमी लाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक और ऑर्गेनिक खेती के तरीकों को अपनाना समय की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि इससे मिट्टी की गुणवत्ता बेहतर होगी, खेती की लागत घटेगी और आयात पर निर्भरता भी कम होगी। पीएम मोदी ने किसानों को डीजल पंप की जगह सोलर ऊर्जा से चलने वाले सिंचाई पंप अपनाने के लिए भी प्रोत्साहित किया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि यदि देश के 140 करोड़ नागरिक छोटे-छोटे बदलावों को अपनाएं, तो भारत हर वैश्विक चुनौती का मजबूती से सामना कर सकता है।