IGRS शिकायतों में लापरवाही पर सख्त हुए एडीएम, असंतुष्ट फीडबैक वाले अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश
गौतमबुद्धनगर में आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के निस्तारण को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अतुल कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों द्वारा शिकायतों के निस्तारण की प्रगति और फीडबैक की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी ने असंतुष्ट फीडबैक और डिफॉल्टर श्रेणी में आने वाले मामलों पर नाराजगी जताई। उन्होंने प्रभारी अधिकारी आईजीआरएस को निर्देश दिए कि जिन विभागों में शिकायतकर्ताओं की ओर से असंतोषजनक फीडबैक प्राप्त हुए हैं, वहां संबंधित अधिकारियों के खिलाफ स्पष्टीकरण और चेतावनी जारी करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
शासन स्तर पर होती है IGRS की मॉनिटरिंग
अतुल कुमार ने कहा कि आईजीआरएस पोर्टल की नियमित समीक्षा शासन स्तर पर की जाती है और इसी के आधार पर जनपद की रैंकिंग तय होती है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शिकायत निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शिकायतकर्ताओं की समस्याओं का त्वरित, प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सभी अधिकारी शिकायतकर्ता से दूरभाष पर सीधे संपर्क कर समस्याओं की जानकारी लें और तय समय सीमा के भीतर शिकायतों का निस्तारण करें।
अधिकारियों को रोजाना मॉनिटरिंग के निर्देश
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि सभी विभागीय अधिकारी प्रतिदिन अपने कार्यालय स्तर पर आईजीआरएस पोर्टल की मॉनिटरिंग स्वयं करें, ताकि लंबित मामलों और असंतुष्ट फीडबैक की स्थिति में सुधार लाया जा सके।
इस समीक्षा बैठक में डिप्टी कलेक्टर अभय कुमार, मुख्य पंचायत अधिकारी प्रियंका चतुर्वेदी, जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार, सहायक श्रमायुक्त सुयश पांडे, एसीएमओ संजीव सारस्वत, खंड विकास अधिकारी नेहा समेत प्राधिकरण और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।