सीएम योगी ने ‘कृष्णावतारम्’ को यूपी में किया टैक्स फ्री, लोकभवन में मंत्रिमंडल संग देखी फिल्म; भक्तिमय माहौल में गूंजे जयकारे

0 33

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फिल्म ‘कृष्णावतारम्’ को राज्य में टैक्स फ्री करने की घोषणा की है। रविवार को लोकभवन सभागार में आयोजित फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग के बाद मुख्यमंत्री ने यह बड़ा ऐलान किया। इस दौरान राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, दोनों उपमुख्यमंत्री, मंत्रिमंडल के सदस्य और कई जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

फिल्म की स्क्रीनिंग के दौरान लोकभवन पूरी तरह भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया। सभागार में ‘कृष्णा-कृष्णा’ और ‘राधे-राधे’ के जयघोष लगातार गूंजते रहे। कार्यक्रम में मौजूद दर्शकों ने फिल्म को लेकर खास उत्साह दिखाया और पूरा सभागार खचाखच भरा रहा।

द्वापर युग और सनातन संस्कृति की भव्य प्रस्तुति

फिल्म ‘कृष्णावतारम्’ में भगवान श्रीकृष्ण के जीवन को मानवीय दृष्टिकोण से प्रस्तुत किया गया है। फिल्म में द्वापर युग, भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं के विभिन्न पहलुओं को भव्य अंदाज में दिखाया गया है।

फिल्म की खास बात यह रही कि इसमें भगवान कृष्ण के साथ राधा, रुक्मिणी और सत्यभामा की प्रेम कथाओं को अलग-अलग रूपों में दर्शाया गया है। स्क्रीनिंग के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘वृंदावन बिहारी लाल की जय’ और ‘भारत माता की जय’ के जयकारे भी लगाए।

मंत्रिमंडल विस्तार के बाद पहली बार साथ दिखे मंत्री

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि यह एक अद्भुत संयोग है कि मंत्रिमंडल विस्तार के बाद शपथ लेने वाले सभी मंत्री एक साथ इस कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि करीब ढाई घंटे तक पूरा मंत्रिमंडल एक साथ बैठा रहा और सभी के चेहरे पर अलग उत्साह दिखाई दे रहा था।

उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति और परंपराओं पर आधारित इस फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग से जुड़ना सभी के लिए खास अनुभव रहा।

मुख्य अभिनेत्री संस्कृति ने लिया आशीर्वाद

कार्यक्रम के दौरान फिल्म की मुख्य अभिनेत्री संस्कृति ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री ने फिल्म के कलाकारों, निर्माता और निर्देशक की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की फिल्में भारतीय संस्कृति और विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बन सकती हैं।

उन्होंने कहा कि फिल्म में सत्यभामा का किरदार निभाने वाली अभिनेत्री संस्कृति ने अपनी भूमिका को बेहद प्रभावशाली ढंग से निभाया है।

हर जिले में विशेष स्क्रीनिंग कराने के निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सूचना विभाग को निर्देश दिए कि राज्य के हर जिले में फिल्म ‘कृष्णावतारम्’ की विशेष स्क्रीनिंग आयोजित कराने में सहयोग किया जाए, ताकि बच्चे और युवा भारतीय संस्कृति, परंपरा और सनातन विरासत को बेहतर तरीके से समझ सकें।

उन्होंने कहा कि मथुरा, वृंदावन और बरसाना की संस्कृति में ‘राधे-राधे’ केवल संबोधन नहीं बल्कि जीवन शैली का हिस्सा है।

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने भी की सराहना

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपराओं पर आधारित ऐसी फिल्मों का निर्माण होना चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया और नए मंत्रियों को शुभकामनाएं भी दीं।

मुख्यमंत्री ने इस दौरान यह भी बताया कि फिल्म की मुख्य अभिनेत्री संस्कृति, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की नातिन हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी नानी के लिए यह गर्व का क्षण होता है जब उनकी परवरिश में आगे बढ़ी बच्ची बड़े मंच पर शानदार काम करती नजर आए।

तीन भाषाओं में रिलीज हुई है फिल्म

फिल्म ‘कृष्णावतारम्’ हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में रिलीज की गई है। फिल्म का निर्देशन हार्दिक गज्जर ने किया है।

फिल्म में सिद्धार्थ गुप्ता, संस्कृति, सुष्मिता भट्ट और निवासिनी कृष्णन मुख्य भूमिकाओं में नजर आए हैं। वहीं जैकी श्रॉफ और आशुतोष राणा ने भी अपने किरदारों से खास छाप छोड़ी है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.