गौतमबुद्धनगर में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’, प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन का हुआ लाइव प्रसारण
गौतमबुद्धनगर में सोमवार को “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” श्रद्धा, उत्साह और सांस्कृतिक गरिमा के साथ मनाया गया। सोमनाथ मंदिर पर हुए प्रथम आक्रमण के 1000 वर्ष और मंदिर के पुनरुद्धार के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत जनपद में भी विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों का आयोजन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से सराबोर रहा।
नोएडा के सेक्टर-45 स्थित ग्राम सदरपुर के श्री वोड़ेश्वर महादेव मठ प्राचीन शिव मंदिर में मुख्य आयोजन किया गया, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु, सामाजिक प्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान भजन-कीर्तन, वैदिक मंत्रोच्चारण और धार्मिक अनुष्ठानों ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की आराधना कर देश की सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय स्वाभिमान के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का सामूहिक रूप से लाइव प्रसारण भी किया गया। उपस्थित लोगों ने भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक परंपराओं और राष्ट्रीय गौरव से जुड़े विचारों को गंभीरता से सुना। आयोजन में मौजूद लोगों ने प्रधानमंत्री के संदेश को भारतीय सभ्यता और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने वाला बताया।
सोमनाथ मंदिर के संघर्ष और पुनरुत्थान की गाथा से गूंजा आयोजन
कार्यक्रम के दौरान धार्मिक प्रवचनों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सोमनाथ मंदिर के ऐतिहासिक महत्व, उस पर हुए आक्रमणों और पुनर्निर्माण की गौरवशाली यात्रा का विस्तार से उल्लेख किया गया। वक्ताओं ने कहा कि सोमनाथ केवल एक मंदिर नहीं, बल्कि भारतीय अस्मिता, आस्था और संघर्ष का प्रतीक है। आयोजन में शामिल लोगों ने इसे नई पीढ़ी को इतिहास और संस्कृति से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण प्रयास बताया।
जनपद के विभिन्न शिवालयों में भी हुए धार्मिक कार्यक्रम
“सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” के तहत जनपद गौतमबुद्धनगर के अन्य शिव मंदिरों और शिवालयों में भी धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। भजन संध्या, पूजा-अर्चना और सामूहिक आरती के जरिए श्रद्धालुओं ने पर्व को उत्साहपूर्वक मनाया। पूरे जिले में दिनभर धार्मिक आयोजनों का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम में महानगर नोएडा जिलाध्यक्ष महेश चौहान, जिला विकास अधिकारी शिव प्रताप परमेश, जिला पर्यटन अधिकारी सुरेश रावत, खंड विकास अधिकारी बिसरख तथा मंदिर के महंत समेत कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।