‘धोनी को मैदान पर देखना हमेशा खास’, ETPL में माही को खिलाना चाहते हैं अभिषेक बच्चन, लेकिन BCCI का ये नियम बन रहा सबसे बड़ी रुकावट

0 19

मुंबई: इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद भी महेंद्र सिंह धोनी का जलवा बरकरार है। फैंस आज भी उन्हें मैदान पर खेलते देखने के लिए उतने ही उत्साहित रहते हैं। आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा होने के बावजूद पिंडली में चोट के कारण धोनी इस सीजन मैदान पर नजर नहीं आए, जिसके बाद से उनके चाहने वाले उनकी वापसी का इंतजार कर रहे हैं। इसी बीच अभिनेता और यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग के को-फाउंडर अभिषेक बच्चन ने धोनी को लेकर बड़ी इच्छा जाहिर की है।

अभिषेक बच्चन ने कहा कि वह भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग में खेलते देखना चाहते हैं। हालांकि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के नियमों की वजह से फिलहाल ऐसा संभव नहीं हो सकता।

धोनी का नाम सुनते ही बोले अभिषेक बच्चन

डबलिन में बातचीत के दौरान जब अभिषेक बच्चन से पूछा गया कि वह किस भारतीय क्रिकेटर को ईटीपीएल में खेलते देखना चाहेंगे, तो उन्होंने बिना देर किए महेंद्र सिंह धोनी का नाम लिया। अभिषेक ने कहा, “क्या आपको कोई वजह चाहिए कि आप महेंद्र सिंह धोनी को क्रिकेट खेलते हुए क्यों देखना चाहते हैं?”

अभिषेक का यह बयान सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी धोनी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। फैंस भी चाहते हैं कि माही ज्यादा से ज्यादा क्रिकेट खेलते नजर आएं।

क्या कहता है BCCI का नियम?

बीसीसीआई के मौजूदा नियमों के मुताबिक, बोर्ड के साथ कॉन्ट्रैक्ट में रहने वाले भारतीय खिलाड़ी किसी भी विदेशी टी20 लीग में हिस्सा नहीं ले सकते। केवल वही खिलाड़ी विदेश की लीग में खेल सकते हैं, जिन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट के साथ-साथ आईपीएल और घरेलू क्रिकेट से भी पूरी तरह संन्यास ले लिया हो।

यही वजह है कि महेंद्र सिंह धोनी फिलहाल ईटीपीएल जैसी विदेशी लीग में हिस्सा नहीं ले सकते। हालांकि उन्होंने साल 2020 में इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया था, लेकिन वह अभी भी आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा हैं।

‘भारतीय खिलाड़ियों की कमी जरूर खलेगी’

अभिषेक बच्चन ने ईटीपीएल की गुणवत्ता और उसकी वैश्विक पहचान को लेकर भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि अगर क्रिकेट का स्तर शानदार होगा तो दर्शक खुद-ब-खुद उसे देखने आएंगे। उन्होंने माना कि भारतीय खिलाड़ियों की मौजूदगी लीग को और बड़ा बना सकती थी।

अभिषेक ने कहा, “हमें मौजूदा भारतीय क्रिकेटरों को ईटीपीएल का हिस्सा बनाना अच्छा लगता, लेकिन बीसीसीआई के नियमों के कारण ऐसा संभव नहीं है। निश्चित तौर पर उनकी कमी महसूस होगी।”

उन्होंने आगे कहा कि भारतीय खिलाड़ियों के अलावा दुनिया के कई बड़े क्रिकेट सितारे इस लीग से जुड़ रहे हैं और इससे टूर्नामेंट को मजबूती मिलेगी।

26 अगस्त से शुरू होगी यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग

यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग का आयोजन 26 अगस्त से 20 सितंबर तक किया जाएगा। यह यूरोप में क्रिकेट को नई पहचान देने के उद्देश्य से शुरू की गई फ्रेंचाइजी आधारित टी20 लीग है।

इस लीग से कई बड़े क्रिकेट नाम जुड़े हुए हैं। भारत के पूर्व कप्तान और कोच राहुल द्रविड़ डबलिन गार्डियंस टीम के सह-मालिक हैं। वहीं स्टीव वॉ, जोंटी रोड्स और ग्लेन मैक्सवेल जैसे दिग्गज खिलाड़ी भी अलग-अलग टीमों से जुड़े हुए हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.