लखनऊ में आज होगा प्रतीक यादव का अंतिम संस्कार, पत्नी अपर्णा यादव की भावुक अपील से नम हुईं आंखें

0 15

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव को आज अंतिम विदाई दी जाएगी। उनका अंतिम संस्कार गुरुवार सुबह 11 बजे लखनऊ के बैकुंठ धाम (भैंसाकुंड) में किया जाएगा। उनके निधन से राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर है। परिवार, समर्थकों और करीबी लोगों का लगातार घर पहुंचना जारी है।

प्रतीक यादव की पत्नी अपर्णा यादव ने सोशल मीडिया के जरिए उनके अंतिम संस्कार की जानकारी साझा की। उन्होंने भावुक पोस्ट करते हुए लोगों से अंतिम यात्रा में गरिमामयी उपस्थिति की अपील की है। उनके संदेश के बाद समर्थकों और शुभचिंतकों में गहरा दुख देखा जा रहा है।

फेफड़ों में खून का थक्का जमने से गई जान

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, प्रतीक यादव की मौत की वजह ‘पल्मोनरी थ्रोम्बोएम्बोलिज्म’ बताई गई है। यानी उनके फेफड़ों की नस में खून का थक्का जम गया था। इस वजह से अचानक दिल और फेफड़ों ने काम करना बंद कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।

हालांकि, मौत के कारणों की पूरी तरह पुष्टि के लिए डॉक्टरों ने विसरा और हृदय के कुछ हिस्सों को सुरक्षित रखा है। इन्हें आगे फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा ताकि किसी अन्य संभावना को भी जांच के दायरे में रखा जा सके।

रिपोर्ट के अनुसार, उनके शरीर पर कुछ पुराने चोट के निशान भी मिले हैं। साथ ही बीमारी के कारण उनके बाएं पैर के अंगूठे का नाखून नीला पड़ गया था।

अचानक बिगड़ी थी तबीयत

बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह अचानक प्रतीक यादव की तबीयत खराब हो गई थी। इसके बाद उन्हें तुरंत लखनऊ के सिविल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जैसे ही यह खबर सामने आई, समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई।

राजनीति से दूर रहते थे प्रतीक यादव

प्रतीक यादव समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के सौतेले भाई थे। वह मुलायम सिंह यादव और उनकी दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे। उनकी पत्नी अपर्णा यादव हैं, जो वरिष्ठ पत्रकार अरविंद कुमार बिष्ट की बेटी हैं। परिवार में उनकी दो बेटियां हैं।

राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखने के बावजूद प्रतीक यादव सक्रिय राजनीति से दूर रहते थे। वह अपने बिजनेस और फिटनेस लाइफस्टाइल को लेकर ज्यादा चर्चा में रहते थे। उनके अचानक निधन से यादव परिवार को बड़ा झटका लगा है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.