जनसुनवाई में उठीं 171 समस्याएं, तीनों तहसीलों में लगा संपूर्ण समाधान दिवस, 14 शिकायतों का मौके पर निपटारा

0 11

गौतमबुद्धनगर: जनपद की तीनों तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जहां बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। प्रशासन की ओर से प्राप्त शिकायतों के त्वरित और प्रभावी निस्तारण पर जोर दिया गया। कुल 171 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 14 मामलों का समाधान मौके पर ही कर दिया गया, जबकि बाकी शिकायतों को संबंधित विभागों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देशों के साथ भेजा गया।

तहसील सदर में 14 शिकायतें पहुंचीं

तहसील सदर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता उप जिलाधिकारी सदर आशुतोष गुप्ता ने की। इस दौरान विभिन्न विभागों से जुड़ी कुल 14 शिकायतें दर्ज की गईं। अधिकारियों ने गंभीरता दिखाते हुए इनमें से 6 शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया।

दादरी तहसील में सबसे ज्यादा पहुंचे फरियादी

तहसील दादरी में उप जिलाधिकारी अनुज नेहरा की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित किया गया। यहां सबसे अधिक 112 शिकायतें दर्ज की गईं। अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 7 शिकायतों का मौके पर निपटारा किया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों के पास भेजते हुए जल्द समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जेवर तहसील में भी सुनी गईं जनसमस्याएं

तहसील जेवर में उप जिलाधिकारी दुर्गेश सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ। यहां कुल 45 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 1 शिकायत का समाधान मौके पर ही कर दिया गया। बाकी मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.