नोएडा के सेक्टर-63 में दो फैक्ट्रियों में लगी भीषण आग, 16 दमकल गाड़ियों ने दो घंटे में पाया काबू

0 13

नोएडा: उत्तर प्रदेश के नोएडा के सेक्टर-63 स्थित औद्योगिक क्षेत्र में शनिवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब डी-ब्लॉक की दो फैक्ट्रियों में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दोनों कंपनियां पूरी तरह इसकी चपेट में आ गईं। घटना के बाद इलाके में धुएं का गुबार फैल गया और कर्मचारियों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

जानकारी के मुताबिक, सेक्टर-63 के डी-140 में स्थित ‘ईगल बिजनेस कॉरपोरेशन’ नामक गारमेंट कंपनी में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी फैक्ट्री इसकी चपेट में आ गई। इसके बाद आग ने पास स्थित डी-139 की ‘शौर्य एक्सपोर्ट’ कंपनी को भी अपनी गिरफ्त में ले लिया, जहां बैग निर्माण का काम किया जाता था।

16 दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा

मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 16 गाड़ियों को तत्काल मौके पर रवाना किया गया। करीब दो घंटे तक लगातार चले राहत और बचाव अभियान के बाद आग पर काबू पाया जा सका। दमकल कर्मियों ने आग को आसपास की अन्य फैक्ट्रियों तक फैलने से भी रोक लिया।

फैक्ट्री में मौजूद थे कई कर्मचारी

अधिकारियों के अनुसार, आग लगने के समय दोनों फैक्ट्रियों में बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद थे। कुछ लोग खुद सुरक्षित बाहर निकल आए, जबकि कई कर्मचारियों को पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने बाहर निकाला। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

नुकसान और आग के कारणों की जांच शुरू

दमकल विभाग ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। दोनों फैक्ट्रियों में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। घटना के बाद पूरे औद्योगिक क्षेत्र में लंबे समय तक तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.