लेखपाल मुख्य परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, 21 मई को 17 केंद्रों पर होगी परीक्षा, नकल विहीन व्यवस्था पर सख्त निर्देश
गौतमबुद्धनगर: आगामी 21 मई को आयोजित होने वाली लेखपाल मुख्य परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिला अधिकारी न्यायिक प्रियंका की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा से जुड़े सभी व्यवस्थापकों, सेक्टर मजिस्ट्रेटों और स्टैटिक मजिस्ट्रेटों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जनपद के 17 परीक्षा केंद्रों पर 21 मई 2026 को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक लेखपाल मुख्य परीक्षा (प्रा०अ०प०-2025)/01 आयोजित की जाएगी। बैठक में परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था, गोपनीयता, परीक्षार्थियों की सुविधाओं और शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के पालन को लेकर विस्तार से समीक्षा की गई।
मानकों के अनुरूप समय से पूरी हों तैयारियां
अपर जिलाधिकारी न्यायिक ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की मंशा के अनुरूप सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि परीक्षा को शांतिपूर्ण और नकल विहीन ढंग से संपन्न कराने में जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की भूमिका बेहद अहम होती है। ऐसे में सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी अधिकारी निर्धारित समय से पहले अपने-अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
सीसीटीवी और मूलभूत सुविधाओं पर विशेष फोकस
बैठक के दौरान परीक्षा केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर भी सख्त निर्देश दिए गए। अपर जिलाधिकारी न्यायिक ने कहा कि सभी केन्द्र व्यवस्थापक, सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टैटिक मजिस्ट्रेट परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर यह सुनिश्चित करें कि सीसीटीवी कैमरे सुचारू रूप से कार्य कर रहे हों। यदि कहीं कोई तकनीकी समस्या या सुविधा में कमी मिले तो उसे तत्काल ठीक कराया जाए।

इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पर रहेगी कड़ी नजर
पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा गया कि परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वार पर विशेष सतर्कता बरती जाए। अभ्यर्थियों की एंट्री के दौरान इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स की सघन जांच की जाए ताकि कोई भी परीक्षार्थी मोबाइल या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्र के अंदर न ले जा सके।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने दी विस्तृत जानकारी
बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने उपस्थित सभी अधिकारियों को परीक्षा संचालन से जुड़े मानकों और दिशा-निर्देशों की विस्तार से जानकारी दी। बैठक में केन्द्र व्यवस्थापक, सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टैटिक मजिस्ट्रेट सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।