लखनऊ: उत्तर प्रदेश में सोमवार सुबह दो अलग-अलग सड़क हादसों ने बड़ा दर्दनाक मंजर खड़ा कर दिया। लखीमपुर खीरी और बहराइच जिले में हुए हादसों में कुल 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। दोनों घटनाओं के बाद पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।
लखीमपुर खीरी में ट्रक और मैजिक वैन की टक्कर, 8 की मौत
लखीमपुर खीरी जिले के धौरहरा क्षेत्र में सोमवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां सिसैया-लखीमपुर नेशनल हाईवे-730 पर एक मैजिक वैन और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
धौरहरा के सीओ शमशेर बहादुर सिंह के मुताबिक, दुर्घटना ईसानगर और धौरहरा कोतवाली क्षेत्र की सीमा पर उन्चगांव और भरेहता गांव के बीच हुई। पुलिस के अनुसार, लखीमपुर से सिसैया की ओर जा रही मैजिक वैन सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
घायलों को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
बहराइच में कंबाइन हार्वेस्टर से टकराई कार, 4 लोगों की गई जान
दूसरा बड़ा हादसा बहराइच जिले में सामने आया, जहां तेज रफ्तार कार कंबाइन हार्वेस्टर से टकरा गई। इस हादसे में 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए।
बहराइच के एसपी विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि कार नानपारा की ओर से बहराइच जा रही थी। इसी दौरान सड़क किनारे से आ रहे कंबाइन हार्वेस्टर की कार से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घायलों को इलाज के लिए बहराइच जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग बहराइच जिले के ही निवासी थे।
दोनों हादसों के बाद प्रशासन अलर्ट
लगातार सामने आ रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी है और हादसों के कारणों का पता लगाया जा रहा है।