गौतमबुद्धनगर में अनुदेशकों के सम्मान में भव्य समारोह, बढ़े मानदेय पर राज्य मंत्री सोमेंद्र तोमर ने दी शुभकामनाएं
गौतमबुद्धनगर: जनपद के अनुदेशकों के सम्मान और बढ़े हुए मानदेय के उपलक्ष्य में शनिवार को ग्रेटर नोएडा वर्ल्ड स्कूल, सिग्मा-1 के सभागार में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता माननीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सोमेंद्र तोमर ने की। इस दौरान लखनऊ में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी उपस्थित अतिथियों और अनुदेशकों ने देखा।
समारोह में शिक्षा विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में अनुदेशक मौजूद रहे। कार्यक्रम में भाजपा महानगर अध्यक्ष महेश चौहान, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रियंका, जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार सहित कई विभागीय अधिकारी शामिल हुए।
दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ
लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम के समापन के बाद जनपद स्तरीय समारोह की शुरुआत मुख्य अतिथि सोमेंद्र तोमर, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रियंका, जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार और अन्य अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर की।
इसके बाद उच्च प्राथमिक विद्यालय घोड़ी बछेड़ा की छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम को सांस्कृतिक गरिमा प्रदान की। समारोह में सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ और शॉल भेंट कर स्वागत किया गया।
अनुदेशकों के योगदान को बताया महत्वपूर्ण
अपने संबोधन में राज्य मंत्री सोमेंद्र तोमर ने जनपद के सभी अनुदेशकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में उनका योगदान बेहद अहम है। उन्होंने कहा कि अनुदेशक विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं और उनके प्रयासों से शिक्षा विभाग लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है।

उन्होंने विश्वास जताया कि अनुदेशकों की मेहनत से विद्यार्थियों में नई ऊर्जा, सकारात्मक सोच और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का विस्तार होगा। साथ ही उन्होंने बेसिक शिक्षा विभाग की विभिन्न उपलब्धियों का भी उल्लेख किया।
07 अनुदेशकों को वितरित किए गए सांकेतिक चेक
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि द्वारा सात अनुदेशकों को सांकेतिक चेक भी वितरित किए गए। सम्मानित होने वालों में सोनम भाटी, साहिना परवीन, देवीराम, विजय, रवि खारी और सारिका बंसल शामिल रहे। सभी अनुदेशक जनपद के विभिन्न उच्च प्राथमिक विद्यालयों से जुड़े हैं।
समारोह में जनपद के चारों ब्लॉकों से आए अनुदेशक, खंड शिक्षा अधिकारी, जिला समन्वयक, ईसीसीई एजूकेटर, एसआरजी और एआरपी समेत शिक्षा विभाग से जुड़े कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।