चेन्नई: चेपॉक स्टेडियम में सोमवार की शाम सिर्फ एक क्रिकेट मुकाबला नहीं, बल्कि भावनाओं का सैलाब देखने को मिला। चारों तरफ पीली जर्सी में मौजूद फैंस की जुबान पर सिर्फ एक ही नाम था — “धोनी… धोनी…”। आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स के आखिरी घरेलू मुकाबले के दौरान जब महेंद्र सिंह धोनी मैदान पर उतरे तो पूरा स्टेडियम भावुक हो उठा। लेकिन इस बीच सबसे ज्यादा चर्चा उनकी पत्नी साक्षी धोनी के रिएक्शन की रही, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
चोट के बाद पहली बार मैदान पर दिखे धोनी
पूरे सीजन चोट की वजह से मैदान से दूर रहे महेंद्र सिंह धोनी पहली बार चेन्नई सुपर किंग्स के ड्रेसिंग रूम और मैदान पर नजर आए। जैसे ही वह अपनी मशहूर पीली जर्सी पहनकर चेपॉक के मैदान पर पहुंचे, स्टेडियम में मौजूद हजारों फैंस ने जोरदार स्वागत किया।
फैंस लंबे समय से धोनी की एक झलक का इंतजार कर रहे थे और जैसे ही ‘थाला’ मैदान पर आए, पूरा माहौल भावुक हो गया।
‘लैप ऑफ ऑनर’ के दौरान भावुक हुआ चेपॉक
मैच खत्म होने के बाद चेन्नई सुपर किंग्स की टीम मैदान का चक्कर लगाकर फैंस का शुक्रिया अदा करने निकली। इस ‘लैप ऑफ ऑनर’ के दौरान माहौल बेहद भावुक नजर आया। कई फैंस को ऐसा महसूस हुआ मानो यह चेपॉक में धोनी का आखिरी सलाम हो।
धोनी हमेशा की तरह शांत अंदाज में हल्की मुस्कान के साथ टीम के आगे-आगे चलते दिखाई दिए। इसी दौरान कैमरा स्टैंड्स में बैठीं उनकी पत्नी साक्षी धोनी पर गया।
साक्षी धोनी का रिएक्शन जीत रहा दिल
जब धोनी अपनी टीम के साथ साक्षी के स्टैंड के करीब पहुंचे, तो साक्षी खुद को भावुक होने से रोक नहीं पाईं। उन्होंने मुस्कुराते हुए प्यार और गर्व के साथ धोनी की तरफ हाथ हिलाया। उनके चेहरे पर खुशी, गर्व और भावुकता साफ दिखाई दे रही थी।
सोशल मीडिया पर फैंस साक्षी के इस खूबसूरत रिएक्शन को लगातार शेयर कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि यह पल सिर्फ क्रिकेट नहीं, बल्कि रिश्तों और संघर्ष की कहानी भी बयां कर रहा था।
हार के बीच भी धोनी ने जीता दिल
हालांकि मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा, लेकिन मैच के बाद धोनी का अंदाज एक बार फिर फैंस का दिल जीत गया।
लैप ऑफ ऑनर के दौरान सुरेश रैना समेत टीम के कई खिलाड़ी धोनी के साथ इस खास पल को कैमरे में कैद करते नजर आए। मैदान का चक्कर पूरा करने के बाद धोनी खुद जमीन पर बैठ गए और ग्राउंड स्टाफ के साथ ग्रुप फोटो खिंचवाई।
इसके बाद उन्होंने मुस्कुराते हुए मीडिया कर्मियों के साथ सेल्फी भी ली। धोनी की यही सादगी और जमीन से जुड़ा स्वभाव उन्हें बाकी खिलाड़ियों से अलग बनाता है।