हीटवेव से बचाव को लेकर आपदा प्रबंधन विभाग ने जारी की एडवाइजरी, दोपहर 12 से 3 बजे तक बाहर न निकलने की अपील

0 21

गौतमबुद्धनगर: भीषण गर्मी और हीटवेव के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग ने जनसामान्य के लिए विस्तृत एडवाइजरी जारी की है। भारत मौसम विज्ञान विभाग और मौसम केंद्र लखनऊ के पूर्वानुमान के आधार पर जारी इस एडवाइजरी में लोगों से सावधानी बरतने और आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाने की अपील की गई है, ताकि गर्मी से होने वाले स्वास्थ्य जोखिमों को कम किया जा सके।

हीटवेव से बचाव के लिए क्या करें

जारी दिशा-निर्देशों में कहा गया है कि लोग घर से बाहर निकलते समय छाता, टोपी या गमछा के साथ पर्याप्त पानी अवश्य रखें। बाहर काम करने वाले लोग हल्के रंग के, ढीले और सूती कपड़ों का उपयोग करें तथा समय-समय पर चेहरे, सिर और गर्दन पर गीला कपड़ा रखें।

इसके साथ ही ताजा और हल्के भोजन के सेवन की सलाह दी गई है। मौसमी फलों और सब्जियों जैसे खीरा, ककड़ी और तरबूज का अधिक सेवन करने को कहा गया है। लस्सी, नींबू पानी, छाछ, आम का पन्ना और गन्ने के रस जैसे तरल पदार्थों का अधिक उपयोग करने की भी सलाह दी गई है।

एडवाइजरी में यह भी बताया गया है कि यदि किसी व्यक्ति में चक्कर आना, सिर दर्द, उल्टी, घबराहट, मांसपेशियों में ऐंठन, पसीना न आना या बेहोशी जैसे लक्षण दिखाई दें तो उसे तुरंत छांव में ले जाकर आराम कराना चाहिए। शरीर के कपड़े ढीले किए जाएं और उपलब्ध होने पर पंखा या कूलर का उपयोग किया जाए। आवश्यकता पड़ने पर 108 एम्बुलेंस सेवा से संपर्क करने की सलाह दी गई है।

हीटवेव में क्या न करें

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचना चाहिए। गहरे रंग और सूती के अलावा अन्य कपड़ों के उपयोग से परहेज करने को कहा गया है।

ठंडे या बासी भोजन, अधिक तेल-मसाले वाले भोजन और उच्च प्रोटीन युक्त आहार के अत्यधिक सेवन से बचने की सलाह दी गई है। चाय और कॉफी का सेवन सीमित करने तथा शराब से दूर रहने को कहा गया है, क्योंकि यह शरीर को निर्जलित कर सकते हैं।

एडवाइजरी में यह भी कहा गया है कि किसी भी तरह की घबराहट की स्थिति में इधर-उधर न जाएं और बिना चिकित्सीय परामर्श के दवाओं का सेवन न करें। बच्चों और पालतू जानवरों को कभी भी बंद वाहनों में अकेला न छोड़ने की सख्त चेतावनी दी गई है।

समय पर उपचार लेने की अपील

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या या आपात स्थिति में तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें, ताकि समय पर इलाज उपलब्ध कराया जा सके।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.