विदेशी मुद्रा बचाने को लेकर सरकार सख्त, गौतमबुद्धनगर में सर्राफा कारोबारियों के साथ हुई अहम बैठक

0 21

गौतमबुद्धनगर: अंतरराष्ट्रीय आर्थिक हालात और बढ़ते स्वर्ण आयात के बीच विदेशी मुद्रा भंडार पर पड़ रहे दबाव को लेकर गौतमबुद्धनगर में प्रशासन और सर्राफा कारोबारियों के बीच अहम बैठक आयोजित की गई। विकास भवन सभागार में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता अपर आयुक्त राज्य कर संदीप भागिया ने की, जिसमें जिले के प्रमुख सर्राफा और बुलियन व्यापारियों ने हिस्सा लिया।

बैठक का आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अपील के मद्देनजर किया गया। इस दौरान स्वर्ण आयात में संतुलन बनाए रखने, विदेशी मुद्रा संरक्षण और बुलियन निवेश को नियंत्रित करने जैसे गंभीर मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।

स्वर्ण आयात से विदेशी मुद्रा भंडार पर बढ़ रहा दबाव

अपर आयुक्त राज्य कर संदीप भागिया ने व्यापारियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत दुनिया के सबसे बड़े स्वर्ण आयातक देशों में शामिल है। हर वर्ष भारी मात्रा में विदेशी मुद्रा डॉलर के रूप में सोने के आयात पर खर्च होती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जारी युद्ध और आर्थिक अस्थिरता के कारण डॉलर की मांग लगातार बढ़ रही है, जिससे देश के विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव बढ़ता जा रहा है।

उन्होंने कहा कि ऐसे समय में प्रत्येक नागरिक और व्यापारी की जिम्मेदारी बनती है कि वह देशहित को प्राथमिकता देते हुए स्वर्ण आयात को कम करने में सहयोग करे। उन्होंने विशेष रूप से स्वर्ण और रजत के ईंट तथा बिस्किट की अनावश्यक खरीद-बिक्री और निवेश से बचने की अपील की।

पुराने आभूषणों के बदले नए गहनों की बिक्री पर जोर

बैठक में मौजूद सर्राफा कारोबारियों ने सरकार की अपील से सहमति जताई और भरोसा दिलाया कि वे बुलियन की खरीद-बिक्री को सीमित रखने का प्रयास करेंगे। व्यापारियों ने कहा कि जिले का सर्राफा कारोबार मुख्य रूप से स्वर्ण और रजत आभूषणों की खरीद-बिक्री पर आधारित है और आगे भी पुराने आभूषणों के बदले नए आभूषणों की बिक्री को प्राथमिकता दी जाएगी।

व्यापारियों ने यह भी आश्वासन दिया कि वे शासन और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए आम लोगों को भी बुलियन निवेश से बचने के लिए जागरूक करेंगे।

देशहित में सहयोग का भरोसा

बैठक के दौरान व्यापारियों ने कहा कि व्यापारी वर्ग हमेशा से शासन और प्रशासन के निर्देशों के अनुरूप कार्य करता रहा है। मौजूदा आर्थिक परिस्थितियों को देखते हुए वे देशहित को सर्वोपरि मानते हुए सरकार की अपीलों का पालन करेंगे।

इन कारोबारियों और अधिकारियों ने रखे विचार

बैठक में जिला अध्यक्ष एआईजेए योगेश वर्मा, ज्वैलरी एसोसिएशन ग्रेटर नोएडा के वाइस प्रेजिडेंट दीपक वर्मा, कल्याण ज्वैलर्स के अरशद और कुमार पीके, आरसी ज्वैलर्स के विजय सैनी, उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के अध्यक्ष विकास जैन, एआईजेजीएफ सदस्य मोहित गर्ग और ब्ल्यू स्टोन की रुपाली कौशिक समेत कई कारोबारियों ने अपने विचार रखे।

बैठक में डीसीपी मुख्यालय रवि शंकर निम, अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दूबे, संयुक्त आयुक्त राज्य कर कौशलेन्द्र कुमार राय, संजय कुमार कुशवाहा, दिनेश पाल, उपायुक्त अजीत कुमार सिंह और आलोक कुमार तिवारी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.