पश्चिम बंगाल की फलता सीट पर फिर मतदान, कड़ी सुरक्षा के बीच री-पोलिंग जारी; जानिए किसके बीच है सीधा मुकाबला

0 15

कोलकाता: पश्चिम बंगाल की फलता विधानसभा सीट पर आज दोबारा मतदान कराया जा रहा है। 29 अप्रैल को हुए मतदान के बाद मिली कई शिकायतों के चलते चुनाव आयोग ने 2 मई को चुनाव रद्द कर दिया था। अब कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 285 मतदान केंद्रों पर री-पोलिंग कराई जा रही है। इस सीट पर 2 लाख 35 हजार से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे और कुल 6 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

हालांकि तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार जहांगीर खान ने चुनाव मैदान से हटने का ऐलान कर दिया था, लेकिन चुनाव प्रक्रिया पर इसका कोई असर नहीं पड़ा है। ईवीएम में उनका नाम उम्मीदवार के तौर पर पहले से दर्ज होने के कारण मतदान सामान्य तरीके से जारी है।

हर बूथ पर बढ़ाई गई सुरक्षा, ड्रोन से निगरानी

फलता विधानसभा सीट पर मतदान को लेकर चुनाव आयोग ने इस बार सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। सभी मतदान केंद्रों पर पैरामिलिट्री फोर्स के 8 जवान तैनात किए गए हैं, जबकि पिछली बार प्रत्येक बूथ पर 4 जवान मौजूद थे।

इसके अलावा आयोग ने 30 क्विक रिस्पॉन्स टीमें भी बनाई हैं, ताकि किसी भी शिकायत पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। मतदान केंद्रों और संवेदनशील इलाकों पर ड्रोन के जरिए लगातार निगरानी रखी जा रही है।

पहले मतदान में सामने आई थीं गंभीर शिकायतें

29 अप्रैल को हुए मतदान के दौरान कई ग्रामीणों ने आरोप लगाया था कि उन्हें बूथ तक पहुंचने नहीं दिया गया। इसके अलावा ईवीएम से छेड़छाड़ के वीडियो भी सामने आए थे। आरोप था कि उम्मीदवारों के नाम के आगे टेप लगाया गया था और कुछ जगहों पर ईवीएम पर इत्र छिड़का गया था।

इन्हीं शिकायतों को गंभीर मानते हुए चुनाव आयोग ने 2 मई को फलता सीट का चुनाव रद्द कर दिया था और दोबारा मतदान कराने का फैसला लिया गया।

चार प्रमुख उम्मीदवारों के बीच मुकाबला

फलता विधानसभा सीट पर मुख्य मुकाबला भाजपा के देवांशु पांडा, टीएमसी के जहांगीर खान, कांग्रेस के अब्दुल रजाक मोल्ला और सीपीआईएम के शंभू नाथ कुर्मी के बीच माना जा रहा है। हालांकि जहांगीर खान चुनाव मैदान से हटने की घोषणा कर चुके हैं, लेकिन उनका नाम अभी भी बैलेट प्रक्रिया में शामिल है।

इस सीट पर कुल 2.36 लाख से ज्यादा मतदाता हैं, जिनमें करीब 1.21 लाख पुरुष और 1.15 लाख महिला मतदाता शामिल हैं।

24 मई को आएंगे नतीजे

पश्चिम बंगाल में 294 विधानसभा सीटों के लिए 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को दो चरणों में मतदान कराया गया था। लेकिन फलता सीट का चुनाव रद्द होने के कारण 4 मई को केवल 293 सीटों के परिणाम घोषित किए गए थे।

अब 21 मई को दोबारा मतदान कराया जा रहा है और इस सीट के नतीजे 24 मई को घोषित किए जाएंगे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.