भविष्य उन्मुख शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए यूपी सरकार का बड़ा कदम, नोएडा में जुटे देशभर के CSR प्रतिनिधि

0 30

गौतमबुद्धनगर: बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से भविष्य उन्मुख शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) सहयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नोएडा में “उत्तर प्रदेश सीएसआर राउंड टेबल 2026 ऑन फ्यूचर रेडी एजुकेशन” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन Invest UP और CSRBOX के सहयोग से किया गया, जिसमें कॉर्पोरेट संस्थानों, सीएसआर फाउंडेशनों और विकास क्षेत्र से जुड़े 100 से अधिक प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बेसिक शिक्षा विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह मौजूद रहे। इस दौरान अपर मुख्य सचिव, बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग पार्थ सारथी सेन शर्मा, आईएएस, महानिदेशक बेसिक शिक्षा विभाग मोनिका रानी सहित विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

नई शिक्षा नीति और तकनीक आधारित शिक्षा पर हुआ मंथन

राउंड टेबल के दौरान राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020, निपुण भारत मिशन, पीएम श्री योजना और राज्य सरकार की शिक्षा संबंधी प्राथमिकताओं को केंद्र में रखकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में आधारभूत साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान, डिजिटल और एआई आधारित शिक्षा, विद्यालयी अवसंरचना सुदृढ़ीकरण, शिक्षक क्षमता निर्माण, बालिका शिक्षा और विद्यार्थियों के समग्र विकास जैसे अहम विषयों पर विचार-विमर्श हुआ।

डिजिटल और STEM शिक्षा में सहयोग के लिए सामने आए संस्थान

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न संस्थाओं की ओर से डिजिटल शिक्षा, STEM शिक्षा, एआई शिक्षा, शिक्षक प्रशिक्षण, छात्रवृत्ति और व्यावसायिक शिक्षा के क्षेत्रों में सहयोग देने के लिए आशय पत्र प्रस्तुत किए गए। इसे राज्य में शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक और परिणामोन्मुख बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

‘हर बच्चे तक तकनीक आधारित शिक्षा पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध सरकार’

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार का लक्ष्य राज्य को शिक्षा के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाना है। उन्होंने कहा कि सरकार हर बच्चे तक स्मार्ट क्लासरूम सहित तकनीक आधारित शिक्षा पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में समान विचारधारा वाले साझेदारों के साथ मिलकर शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।

CSR फसिलिटेशन मॉडल को मिला सराहना

बैठक में Invest UP द्वारा संचालित CSR फसिलिटेशन मॉडल की सराहना की गई। साथ ही राज्य में ऐसे समर्पित CSR फसिलिटेशन सेल को और अधिक मजबूत किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया गया, जो शासन और CSR संस्थाओं के बीच समन्वय, सुविधा और क्रियान्वयन में प्रभावी भूमिका निभा सकें।

गुणवत्तापरक और समावेशी शिक्षा व्यवस्था पर जोर

बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग ने इस अवसर पर गुणवत्तापरक, समावेशी, तकनीक-सक्षम और परिणामोन्मुख शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कॉर्पोरेट और विकास साझेदार संस्थाओं के साथ समन्वित प्रयासों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.