UP में बिजली संकट पर सियासत तेज, अखिलेश के आरोपों पर मंत्री एके शर्मा का पलटवार- पहले खुद देखो फिर आईना दिखाओ
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच बढ़ती बिजली कटौती को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा योगी सरकार पर लगाए गए आरोपों के बाद अब प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष को दूसरों पर सवाल उठाने से पहले अपने शासनकाल की स्थिति भी याद करनी चाहिए।
ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लंबी पोस्ट साझा करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी के शासनकाल में प्रदेश की औसत पीक बिजली मांग करीब 13 हजार मेगावाट थी, जबकि आज यह बढ़कर 30 हजार मेगावाट से अधिक हो चुकी है। उन्होंने दावा किया कि पहले कई गांवों में सप्ताह में सिर्फ एक बार बिजली पहुंचती थी, जबकि अब गांवों, तहसीलों और शहरों में 18 से 24 घंटे तक बिजली आपूर्ति की जा रही है।
‘सपा सरकार में चरमरा गई थी बिजली व्यवस्था’
एके शर्मा ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद प्रदेश में बिजली उपभोक्ताओं की संख्या में तेजी से वृद्धि हुई है और अब 3.70 करोड़ से अधिक उपभोक्ताओं तक बिजली पहुंच रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार के दौरान बिजली चोरी और कटियाबाजी को संरक्षण दिया जाता था, जिसकी वजह से पूरी व्यवस्था चरमरा गई थी।
उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ सरकार ने बिजली व्यवस्था को सुधारने के लिए बड़े स्तर पर अभियान चलाया। जर्जर तारों को बदला गया, पुराने खंभों को हटाया गया और खराब ट्रांसफॉर्मर बदले गए। इसके साथ ही प्रदेश में हजारों मेगावाट की नई विद्युत उत्पादन परियोजनाओं पर काम जारी है और ट्रांसमिशन क्षमता भी लगातार बढ़ाई जा रही है।
‘देश में सबसे ज्यादा बिजली देने वाले राज्यों में यूपी’
ऊर्जा मंत्री ने दावा किया कि पिछले कुछ वर्षों में प्रदेश में लाखों किलोमीटर जर्जर बिजली तार बदले गए और बड़ी संख्या में नए बिजली खंभे लगाए गए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब देश के उन राज्यों में शामिल हो चुका है जहां सबसे अधिक बिजली आपूर्ति की जा रही है और रिकॉर्ड स्तर की मांग पूरी की जा रही है।
स्मार्ट मीटर विवाद पर सरकार का बड़ा फैसला
स्मार्ट मीटर को लेकर जारी विवाद पर भी मंत्री ने सरकार का पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि तकनीकी शिकायतों की समीक्षा पूरी होने तक नए स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाने पर रोक लगाई गई है। साथ ही पोस्टपेड जैसी व्यवस्था लागू करने का फैसला भी लिया गया है।
ऊर्जा मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि भीषण गर्मी के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और ट्रिपिंग व लो-वोल्टेज जैसी समस्याओं को तुरंत दूर किया जाए।
अखिलेश पर तंज, बोले- आईना पहले खुद देखें
एके शर्मा ने अखिलेश यादव पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि आज समाजवादी पार्टी के मुखिया को प्रदेश की बिजली व्यवस्था कमजोर नजर आ रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “आईना जब भी उठाया करो, पहले खुद देखो फिर दूसरों को दिखाया करो।”
उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार वही काम कर रही है जो पहले कभी नहीं हुए। अपने बयान के अंत में मंत्री ने कहा कि भीषण गर्मी में बढ़ी बिजली मांग को पूरा करने में सभी को सहयोग करना चाहिए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि “बबूल आपने लगाए थे, हम उन्हें जड़ से खत्म कर रहे हैं।”