मेक इन इंडिया को बड़ी मजबूती, शिरडी में हर साल बनेंगे 5 लाख आर्टिलरी शेल; रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे उद्घाटन

0 18

मुंबई: भारत के रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को मजबूत करने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया है। महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले के शिरडी में स्थापित किए गए अत्याधुनिक डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉम्प्लेक्स में अब हर साल करीब 5 लाख आर्टिलरी शेल यानी तोप के गोले तैयार किए जाएंगे। इसे देश के निजी क्षेत्र का सबसे बड़ा आर्टिलरी गोला-बारूद उत्पादन केंद्र माना जा रहा है।

इस महत्वाकांक्षी परियोजना का उद्घाटन आज रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे। कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कंपनी का दावा है कि इस परियोजना से भारतीय सेना को स्वदेशी गोला-बारूद की तेज और मजबूत आपूर्ति सुनिश्चित होगी, वहीं भारत की रक्षा उत्पादन क्षमता को भी बड़ा बढ़ावा मिलेगा।

रक्षा विनिर्माण क्षेत्र में बड़ा विस्तार

महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले के शिरडी में विकसित यह डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉम्प्लेक्स भारत के निजी रक्षा क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। यह परिसर रक्षा और एयरोस्पेस सेक्टर के लिए अत्याधुनिक उत्पादन सुविधाओं से लैस है। इसका उद्देश्य स्वदेशी तकनीक को बढ़ावा देना और रणनीतिक रक्षा उत्पादन में भारत की क्षमता को और मजबूत करना है।

तोप के गोले से लेकर ड्रोन और मिसाइल सिस्टम तक होगा निर्माण

सूर्यास्त्र रॉकेट लॉन्चर सिस्टम के सफल परीक्षणों के बाद अब इसके बड़े पैमाने पर उत्पादन की तैयारी भी शुरू कर दी गई है। इस यूनिट में 155 मिमी, 120 मिमी, एल-50 और 125 मिमी श्रेणी के अत्याधुनिक तोप के गोले तैयार किए जाएंगे। इसके अलावा मिसाइल सिस्टम, ड्रोन और रॉकेट लॉन्चर जैसे आधुनिक रक्षा उपकरणों का भी निर्माण किया जाएगा।

3,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की परियोजना

करीब 200 एकड़ में फैली इस परियोजना को भविष्य में 3,000 एकड़ तक विस्तारित किए जाने की योजना है। इसकी कुल अनुमानित लागत 3,000 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। शुरुआती चरण में लगभग 1,000 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा।

इस परियोजना से करीब 2,000 लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने की उम्मीद है। साथ ही क्षेत्र के एमएसएमई उद्योगों को भी बड़ा फायदा मिलेगा। कंपनी ने लक्ष्य रखा है कि यहां बनने वाले लगभग 70 प्रतिशत रक्षा उपकरणों का निर्यात दूसरे देशों में किया जाएगा।

राजनाथ सिंह करेंगे उद्घाटन, कई बड़े नेता रहेंगे मौजूद

इस परियोजना को महाराष्ट्र के निबे समूह द्वारा विकसित किया गया है। शिरडी डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन 23 मई को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे। इस मौके पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान और राज्य के जल संसाधन मंत्री राधाकृष्ण विखे-पाटिल भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.