प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 साल पूरे, सीएम योगी ने दी बधाई; बोले- सेवा, सुशासन और लोककल्याण का गौरवशाली दौर

0 17

लखनऊ: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 26 मई को प्रधानमंत्री पद संभालने के 12 साल पूरे कर लिए। साल 2014 में इसी दिन नरेंद्र मोदी ने देश के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली थी। इस मौके पर भाजपा, एनडीए और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं की ओर से उन्हें लगातार बधाइयां दी जा रही हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी प्रधानमंत्री मोदी को शुभकामनाएं देते हुए उनके नेतृत्व की सराहना की है।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया पर जारी अपने संदेश में प्रधानमंत्री मोदी को दुनिया का सबसे लोकप्रिय राजनेता बताते हुए कहा कि ‘प्रधान सेवक’ के रूप में उनके 12 वर्ष सेवा, सुशासन और लोककल्याण को समर्पित रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन वर्षों में गरीब कल्याण सरकार की प्राथमिकता बना और अंत्योदय आत्मनिर्भरता की ताकत में बदल गया।

सीएम योगी ने पीएम मोदी के नेतृत्व को बताया नए भारत की पहचान

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि जनभागीदारी ने विकास को जनआंदोलन का रूप दिया है। उनके मुताबिक प्रधानमंत्री मोदी की सोच ने ऐसे नए भारत का निर्माण किया है, जहां नारी सशक्तीकरण, नवाचार, आर्थिक प्रगति और सांस्कृतिक पुनर्जागरण एक साथ आगे बढ़ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आज भारत सीमाओं की सुरक्षा के मामले में मजबूत और आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक रुख अपनाने वाला देश बनकर उभरा है। साथ ही वैश्विक मंच पर भी भारत आत्मविश्वास से भरे नेतृत्व के रूप में अपनी पहचान मजबूत कर चुका है।

विकसित भारत 2047 के विजन का भी किया जिक्र

सीएम योगी ने अपने संदेश में कहा कि डिजिटल, डेमोग्राफी और डेमोक्रेसी की त्रिवेणी विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की ओर देश को नई गति दे रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, जन-धन योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना और स्वनिधि जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं ने विकास को सीधे आम जनता तक पहुंचाया है और लोगों के विश्वास को मजबूत किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ की भावना आज धरातल पर दिखाई दे रही है। उन्होंने ‘नेशन फर्स्ट’ और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को देश की युगांतकारी यात्रा बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कोटि-कोटि बधाई और शुभकामनाएं दीं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.